#यूटिलिटी

June 9, 2026

हिमाचल : अगले 48 घंटे में यू-टर्न लेगा मौसम, आंधी-तूफान मचाएगा कहर; बारिश का अलर्ट भी जारी

ज्य के कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है।

शेयर करें:

Himachal Weather Alert Forecast Update Today Rain Alert Heatwave

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के निचले और मैदानी क्षेत्रों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

HEATWAVE का यलो अलर्ट

बढ़ती गर्मी को देखते हुए ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए HEATWAVE का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 6 माह की गर्भवती पत्नी को अंतिम फोन कर 30 वर्षीय चालक पति ने उठा लिया गलत कदम 

गर्मी का असर दिखता

प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में तापमान सामान्य स्तर से ऊपर पहुंच चुका है। ऊना सबसे अधिक गर्म रहने वाले क्षेत्रों में शामिल है- जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

 

इसके अलावा राज्य के कई अन्य शहरों में भी पारा 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है। जिससे लोगों को दिन के समय गर्म हवाओं और तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब नहीं मिलेगी VIP छूट! होटल, खाना और बस किराए की मुफ्त सुविधाएं बंद

48 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। यही वजह है कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। हालांकि, राहत की खबर यह है कि पहाड़ों पर गर्मी का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चलेगा।

अचानक करवट ले सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों में बारिश, तेज आंधी, गर्जन और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें : PM मोदी ने बदली हिमाचल में रेल नेटवर्क की तस्वीर, अनुराग बोले: प्रदेश में चल रहे 17 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

विशेष रूप से कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है और कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका व्यक्त की है।

लोगों को मिलेगी राहत

मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 11 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान गिरना शुरू हो जाएगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 6 माह की गर्भवती पत्नी को अंतिम फोन कर 30 वर्षीय चालक पति ने उठा लिया गलत कदम 

इसके बाद 13 और 14 जून को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में हिमाचल के लोगों को पहले गर्मी और फिर मौसम के अचानक बदलते स्वरूप का अनुभव देखने को मिल सकता है।

किसानों-बागवानों की चिंता...

मौसम विभाग ने किसानों, बागवानों और आम लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विशेषकर ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना वाले क्षेत्रों में एहतियात बरतने की जरूरत बताई गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख