#यूटिलिटी

August 16, 2026

हिमाचल: चिंतपूर्णी मंदिर में आस्था का सैलाब... श्रद्धालुओं की भीड़ देख दुकानदारों को बंद करनी पड़ी दुकानें

मंदिर परिसर से लेकर बाजार तक पैर रखने को नहीं बची जगह, जाम ने किया परेशान

शेयर करें:

chintpurni temple

ऊना। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मंदिर परिसर से लेकर आसपास के बाजार तक हर तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। श्रावण अष्टमी मेले के बीच हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक बढ़ गई कि जहां आमतौर पर दुकानदार श्रद्धालुओं की भारी आमद को अच्छी बिक्री के मौके के तौर पर देखते हैं, वहीं रविवार को स्थिति ऐसी बनी कि कई दुकानदारों को भीड़ को देखते हुए अपनी दुकानें तक बंद करनी पड़ीं।

मंदिर से बाजार तक हर तरफ श्रद्धालुओं का सैलाब

रविवार की छुट्टी और श्रावण अष्टमी मेले के चलते सुबह से ही चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की आमद बढ़ती चली गई। कुछ ही समय में मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और आसपास का बाजार श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया। हालात ऐसे हो गए कि कई जगहों पर पांव रखने तक की जगह नहीं बची। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार आगे बढ़ती रही और मंदिर क्षेत्र में चारों तरफ लोगों की कतारें नजर आईं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंची प्रियंका गांधी, जयराम ठाकुर के गढ़ में इस दिन करेंगी स्कूल भवन का उद्घाटन

भीड़ के आगे दुकानें भी पड़ गईं कम

चिंतपूर्णी बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ से दुकानदारों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। आम दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर दुकानदार अच्छी बिक्री की उम्मीद करते हैं, लेकिन रविवार को भीड़ इतनी ज्यादा उमड़ी कि कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। दुकानदारों का कहना था कि बाजार में लोगों की आवाजाही इतनी अधिक थी कि दुकान के बाहर खड़े होकर ग्राहकों को संभालना तक मुश्किल हो गया।

धक्का-मुक्की से बढ़ी परेशानी

भारी भीड़ के बीच कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनती रही। मंदिर में दर्शन के लिए आगे बढ़ने की कोशिश में लोगों को भीड़ के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जिससे भीड़ के बीच उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही।

 

यह भी पढ़ें : जयराम के गढ़ में सुक्खू सरकार ने बच्चों की मांग पर बनाया नया स्कूल भवन; अब प्रियंका गांधी काटेंगी रिबन

कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु

माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रावण अष्टमी मेले के कारण पहले से ही चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी हुई है और रविवार को छुट्टी होने के कारण यह संख्या और अधिक बढ़ गई। मंदिर परिसर के साथ बाजार और आसपास के क्षेत्र भी श्रद्धालुओं से पैक नजर आए।

गर्मी और उमस ने बढ़ाई मुश्किल

भारी भीड़ के बीच गर्मी और उमस ने श्रद्धालुओं की परेशानी और बढ़ा दी। लंबे समय तक भीड़ में खड़े रहने और धीरे-धीरे आगे बढ़ने के कारण कई लोग परेशान नजर आए। दर्शन मार्ग पर जगह कम पड़ने के कारण श्रद्धालुओं को काफी देर तक भीड़ के बीच ही आगे बढ़ना पड़ा। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया

भीड़ में फंसी एंबुलेंस ने बढ़ाई चिंता

चिंतपूर्णी बाजार में भीड़ का दबाव इतना अधिक रहा कि एक एंबुलेंस भी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच फंस गई। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बाजार और मंदिर क्षेत्र में यातायात तथा पैदल आवाजाही के लिए पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है।

पुलिस का दावा- स्थिति नियंत्रण में

वहीं, डीएसपी चिंतपूर्णी अनिल पटियाल ने बताया कि रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। पुलिस के जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल की रेलिंग तोड़ ईंटों से भरा ट्रक खड्ड में जा गिरा, अंदर अकेला चालक ही था सवार

21 अगस्त तक चलेगा श्रावण अष्टमी मेला

माता चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेला 13 अगस्त से शुरू हुआ है, जो 21 अगस्त तक चलेगा। मेले के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रविवार को उमड़ी भीड़ ने आने वाले दिनों में प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन को लेकर चुनौती बढ़ा दी है।

शक्तिपीठ होने के कारण देशभर में है विशेष आस्था

ऊना जिले में स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर हिमाचल के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। चिंतपूर्णी को छिन्नमस्तिका धाम के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के कारण देशभर से श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यही वजह है कि नवरात्र, अष्टमी और विशेष मेलों के दौरान चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख