#यूटिलिटी
October 24, 2025
हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी, अब आसानी से बुक कर सकेंगे सस्ते और शानदार कमरे
पर्यटक आसानी से बुक कर सकेंगे हिमाचल में सरकारी होटल के कमरे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने जनता की सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के सभी सरकारी रेस्ट हाउस (विश्राम गृह) और सर्किट हाउस की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर यह व्यवस्था ‘हिम अतिथि पोर्टल’ (https://himatithi.nic.in/) के माध्यम से शुरू की गई है। पहले ये रेस्ट हाउस केवल विभागीय अनुशंसा या ऑफलाइन बुकिंग से मिलते थे, लेकिन अब कोई भी व्यक्ति- चाहे वह आम नागरिक हो या पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग कर सकता है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि जून 2025 से 10 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से लगभग दो करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह वृद्धि उस समय दर्ज की गई जब राज्य प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था, जिससे यह पहल और भी उल्लेखनीय बन गई है। उन्होंने कहा कि अब बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होती है और बुकिंग की पुष्टि तुरंत मोबाइल और ई-मेल पर भेज दी जाती है।
राज्य भर में इस समय 276 विश्राम गृह और 1000 से अधिक कमरे ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। बुकिंग के लिए हिमाचली नागरिकों से ₹250 और गैर-हिमाचली नागरिकों से ₹500 अग्रिम भुगतान लिया जाता है। रेस्ट हाउसों का किराया ₹500 से ₹1200 प्रति रात के बीच है, जो स्थान और सुविधा के अनुसार अलग-अलग है।
अभिषेक जैन ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से विश्राम गृहों की ऑक्यूपेंसी (कमरे भरे रहने की दर) में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उदाहरण के तौर पर-
उन्होंने बताया कि विभाग अब नियमित रूप से विश्राम गृहों का निरीक्षण कर रहा है ताकि स्वच्छता, रख-रखाव और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह पहल आम जनता को सरकारी सुविधाओं तक समान पहुंच दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पहले इन रेस्ट हाउसों की बुकिंग आम नागरिकों के लिए कठिन थी और विभागीय सिफारिश पर निर्भर करती थी। अब ऑनलाइन प्रणाली से पारदर्शिता, जवाबदेही और राजस्व, तीनों में सुधार हुआ है।