#यूटिलिटी
June 23, 2025
हिमाचल के सरकारी डिपो में अब नई व्यवस्था शुरू, फेस स्कैन कर मिलेगा राशन- जानें पूरी खबर
लॉन्च होगा फेस ऑथेंटिकेशन एप
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में राशन वितरण प्रणाली को आधुनिक और परेशानी मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य की सस्ती राशन की दुकानों यानी डिपुओं में अब उपभोक्ताओं को चेहरा स्कैन कर राशन प्राप्त होगा। यह सुविधा आगामी जुलाई माह से शुरू की जाएगी, जिससे ओटीपी और बायोमीट्रिक आधारित प्रक्रिया के दौरान आने वाली तकनीकी दिक्कतें जैसे सर्वर डाउन की समस्या से राहत मिलेगी।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से इस नई तकनीक को लागू करने की तैयारी जोरों पर है। विभाग अगले एक सप्ताह के भीतर "फेस ऑथेंटिकेशन एप" लॉन्च करने जा रहा है।
इस एप के माध्यम से डिपो संचालक उपभोक्ताओं का चेहरा स्कैन करेंगे, जिसे आधार डेटाबेस से मिलाया जाएगा। यदि पहचान सही पाई जाती है, तभी राशन वितरित किया जाएगा।
नई प्रणाली के तहत डिपो संचालकों को एंड्रॉयड मोबाइल फोन रखना अनिवार्य होगा, क्योंकि फेस स्कैनिंग इसी फोन के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए विभाग तकनीकी परीक्षण भी कर रहा है और आईटी विभाग के अधिकारियों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि प्रदेश भर के डिपो में अब बार-बार सर्वर डाउन या ओटीपी न आने जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उपभोक्ताओं को अब लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना होगा और पहचान की प्रक्रिया कुछ ही सेकंड में पूरी हो जाएगी।
उधर, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग कांगड़ा के नियंत्रक ने बताया कि, “फेस ऑथेंटिकेशन एप को लॉन्च करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस एप के माध्यम से राशन वितरण की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से बेहतर हो जाएगी।”
इस तकनीक का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले अपनी ई-केवाईसी पूरी करनी होगी। यानी आधार से मोबाइल नंबर और फोटो लिंक होनी चाहिए। विभाग जल्द ही इसके लिए लोगों को जागरूक भी करेगा।