#यूटिलिटी
April 22, 2026
हिमाचल में दो दिन बाद बदलने वाला है मौसम, तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी
हिमाचल में लोगों को सता रही तेज गर्मी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप जारी है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मगर अब एक बार फिर मौसम बदलने की तैयारी में है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसका असर 25, 26 और 27 अप्रैल को साफ तौर पर देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलानव होने सो लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन दिनों तेज हवाएं चलने, बारिश होने और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे कई क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब हो सकता है।
फिलहाल, 23 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का अनुमान है। पिछले दो दिनों से पड़ रही तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश के नौ स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। हालांकि, बीते दिन की तुलना में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है।
इन दिनों खेतों में गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है। साफ मौसम के चलते किसानों को राहत मिल रही है और फसल को सुरक्षित निकालने में मदद मिल रही है। मगर आने वाले दिनों में बारिश की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय होने वाली बारिश कटाई और तैयार फसल दोनों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। ऊना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि इसमें मामूली गिरावट भी देखी गई है। पिछले साल इसी समय यहां तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे इस बार कुछ राहत महसूस की जा रही है। वहीं, जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
उधर, लाहुल-स्पीति और कुल्लू को जोड़ने वाले अहम मार्ग रोहतांग दर्रा को बहाल करने का काम भी तेजी पकड़ चुका है। BRO की टीम लगातार बर्फ हटाने में जुटी हुई है। ब्यास नाला क्षेत्र में हिमस्खलन वाले स्थानों से बर्फ साफ कर दी गई है, जहां इस समय दोनों ओर करीब 20 फीट ऊंची बर्फ की दीवारें खड़ी हैं।
करीब 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस दर्रे से गुजरने वाला मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले चार महीनों से बंद पड़ा है। BRO की टीम ने मनाली की ओर से मढ़ी तक बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है, जबकि आगे के हिस्सों में स्नो कटर और भारी मशीनों की मदद से काम जारी है।
ताजा जानकारी के मुताबिक BRO की टीम मढ़ी से आगे बढ़ चुकी है और रोहतांग दर्रे से करीब 15 KM की दूरी पर काम चल रहा है। जबकि लाहुल की ओर से भी लगभग 12 किलोमीटर तक पहुंच बनाई जा चुकी है। BRO कमांडर कर्नल गौरव का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया तो मई के मध्य तक रोहतांग दर्रा और मनाली-लेह मार्ग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।