#यूटिलिटी
December 12, 2025
हिमाचल : कड़ाके की ठंड के बीच अलर्ट जारी- पहाड़ों पर बरसेगी चांदी, जानें कब बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की 4 जिलों को चेतावनी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में दिसंबर माह के काफी दिन बीत चुके हैं, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में अब तक बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरकर माइनस में पहुंच गया है, जिससे ठंड और भी कड़ाकेदार हो गई है और सर्द हवाओं का प्रभाव पूरे प्रदेश में महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है और विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है।
पूरे प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंडी और बिलासपुर जिलों में घने कोहरे ने ठंड को और कड़क बना दिया है, जिससे सुबह और शाम के समय दृश्यता काफी प्रभावित हो रही है। निचले इलाकों में रातें शिमला से भी अधिक ठंडी हो रही हैं, वहीं जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर और भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : 3 साल का जश्न मनाकर अब सुक्खू सरकार ने दिया महंगाई का तोहफा : डिपुओं में दालों के बढ़ाए रेट
मौसम विभाग ने आगामी 13 और 14 दिसंबर को चंबा, किन्नौर, कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिलों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं, निचले क्षेत्रों में भी वर्षा हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक शिमला, चंबा, कुल्लू और लाहुल-स्पीति में हिमपात और वर्षा के चलते सतर्क रहने की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 दिसंबर को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है। इसके बाद 15, 16 और 17 दिसंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है।
⦁ लाहुल-स्पीति:
⦁ कुकुमसेरी: -6.3°C
⦁ ताबो: -4.6°C
⦁ कल्पा: 1°C
⦁ बीते 24 घंटे में:
⦁ औसतन तापमान में 0.2°C की गिरावट
⦁ सामान्य से 0.3°C कम
⦁ शिमला: 9°C
⦁ हमीरपुर: 3.9°C
⦁ मंडी: 3.7°C
⦁ कांगड़ा: 5.4°C
⦁ पालमपुर: 5°C
⦁ सोलन: 3°C
⦁ ऊना: 5.6°C
⦁ धर्मशाला और देहरा: 7°C
⦁ मनाली: 2.3°C
⦁ नारकंडा: 3.4°C
⦁ कुफरी: 6.2°C
⦁ भरमौर: 6.4°C