#यूटिलिटी
August 1, 2026
हिमाचल में आज जमकर बरसेंगे मेघ, तीन जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा- एडवाइजरी जारी
तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की भी चेतावनी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज मौसम खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिमला स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बारिश के साथ निचले और मध्यम पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक भी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी इसी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें : कंगना के 'कीड़े-मकोड़े' और 'गटर छाप' बयान पर भड़के विक्रमादित्य सिंह, सांसद को दे डाली नसीहत
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश होने से संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पहाड़ियों से मलबा गिरने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की स्थिति भी बन सकती है। नदी-नालों का पानी बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है।
बारिश के बाद सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ने के कारण सफर करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : वीरभूमि हिमाचल ने खोया अपना महान सपूत, जनरल VN शर्मा का निधन, मेजर सोमनाथ शर्मा के थे छोटे भाई
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। जिन इलाकों में भूस्खलन का खतरा रहता है, वहां बिना जरूरत जाने से बचें। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी देखते रहने और सफर के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : 15 अगस्त से पहले हाई अलर्ट पर हिमाचल! CM सुक्खू को निशाना बनाने की मिली धमकी
शुक्रवार को हिमाचल में सबसे ज्यादा तापमान ऊना में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडी में 32.0 डिग्री, नाहन में 28.2 डिग्री, धर्मशाला और सोलन में 28.0 डिग्री और शिमला में 21.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटे में तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला।
पिछले 24 घंटों के दौरान शिमला में सबसे ज्यादा 34.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मंडी में 19.4 मिलीमीटर, ऊना में 12.1 मिलीमीटर, नाहन में 9.0 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 4.8 मिलीमीटर और कांगड़ा में 4.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।