#यूटिलिटी
December 23, 2025
सांसद अनुराग ठाकुर का छात्रों से आह्वान: अपने ज्ञान और ऊर्जा को राष्ट्र सेवा में करें समर्पित
वार्षिकोत्सव समारोह में बोले अनुराग- युवा ही भारत का वर्तमान और भविष्य
शेयर करें:

हमीरपुर। देश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। इस बदलते भारत में सबसे बड़ी भूमिका युवाओं की है। यह बात आज मंगलवार को हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दो स्कूलों के वार्षिकोत्सव समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अमृतकाल के अगले 25 वर्ष भारत के भविष्य की नींव तय करेंगे और इसमें युवा शक्ति निर्णायक भूमिका निभाएगी।
विधानसभा क्षेत्र के कुठेरन और जेजवीं में सरस्वती विद्या मंदिर के 33वें वार्षिकोत्सव समारोह में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रनिर्माण, शिक्षा, खेल और नशा मुक्ति पर जोर दिया। इस दौरान सांसद ने विद्यालय के भूतल भवन का लोकार्पण भी किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज का भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
यह भी पढ़ें : IGMC मामला: एक नहीं.. दो डॉक्टरों पर दर्ज हुई FIR, CM सुक्खू ने कल तक मांगी जांच रिपोर्ट
उन्होंने कहा कि अमृतकाल के अगले 25 वर्ष भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यह वह दौर है, जब युवा अपने ज्ञान, नेतृत्व और ऊर्जा से देश की दिशा और दशा तय करेंगे। उन्होंने छात्रों और युवाओं से आह्वान किया कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं को यह दृढ़ संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और संसाधनों को राष्ट्र सेवा में समर्पित करेंगे।
यह भी पढ़ें : IGMC विवाद: अपने सहयोगी के समर्थन में उतरे रेजिडेंट डॉक्टर, बोले- मरीज ने की थी बदसलूकी
सांसद ने केंद्र की मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, पीएम.सेतु, पीएमकेवीवाई और अन्य योजनाएं युवाओं के भविष्य को संवारने का काम कर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अनुराग ठाकुर ने शिक्षा के साथ.साथ खेलों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इसी सोच के तहत उन्होंने सांसद भारत दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की थी, जिसके माध्यम से सैकड़ों मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त हुआ। यह अनुभव न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि राष्ट्र के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है।
हमीरपुर जिला की सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल, गुब्बर के वार्षिक समारोह में भी सांसद ने शिरकत की। यहां उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का वर्तमान भी है और भविष्य भी। ऐसे में यह जरूरी है कि युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगे। उन्होंने युवाओं से नशों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी घातक है। स्वस्थए शिक्षित और जागरूक युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।