#यूटिलिटी
April 24, 2025
हिमाचल पुलिस ने 1 साल में 13 हजार नशेड़ी चालकों के काटे चालान, जाने कौन सा जिला है टॉप पर
एक साल में 13165 के काटे चालान, 1300 किए गिरफ्तार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर वैसे ही वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं होता है, उसके ऊपर कई वाहन चालक नशा कर वाहन चलाते हैं। जिससे कई बार हादसे हो जाते हैं। हिमाचल में पिछले छह महीनों में हुए सड़क हादसों में 23 फीसदी हादसे नशा कर वाहन चलाने से हुए हैं। इसका खुलासा पुलिस रिपोर्ट में हुआ है।
पुलिस ने नशा कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया हुआ है। जिसके चलते साल 2024 में पुलिस ने नशेड़ी वाहन चालकों के रिकॉर्ड 13165 चालान काटे हैं। इसका खुलासा हिमाचल पुलिस जिला मुख्यालय द्वारा जारी की गई वार्षिक रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार पूरे साल 2024 में पुलिस ने 13165 नशेड़ी वाहन चालकों के चालान ही नहीं कए बल्कि 1300 लोगों को मौके पर गिरफ्तार भी किया। पुलिस ने इस पूरे साल में 3391 ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबन के लिए भेजा है।
यह भी पढ़ें : पहलगाम घटना पर हिमाचल में जबरदस्त प्रदर्शन, कांग्रेस ने स्थगित की रैली- बाजार बंद, लोगों में रोष
नशा कर वाहन चलाने वालों में सबसे ज्यादा मामले प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आए हैं। उसके बाद नंबर मंडी और सोलन जिला का आता है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार पहली जनवरी 2024 से लेकर 31 दिसंबर 2024 तक शिमला जिला में 2078 चालान किए गए। जबकि 224 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 535 लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश की गई है।
नशेड़ी वाहन चालकों पर शिकंजा कसने में रेलवे पुलिस भी पीछे नहीं रही। रेलवे पुलिस जीआरपीएस ने शिमला जिला में 66 चालान किए और 66 लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि 42 लोगों के लाइसेंस निलंबन को भेजे। इसी तरह से कांगड़ा में रेलवे पुलिस ने 81 चालान किए और सभी 81 नशेड़ी चालकों को अरेस्ट भी किया। यहां 30 लाइसेंस निलंबन को भेजे गए।