#यूटिलिटी

August 3, 2026

हिमाचल में गिरा बाता नदी पर बना ऐतिहासिक पुल, छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

पिलर गिरने से टूटा बाता नदी पर बना पुराना पुल, 9 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

शेयर करें:

heavy rain alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून अब लगातार कहर बरपा रहा है। बीती रात कुल्लू जिले के निरमंड में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई, तो सोमवार को सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक और बड़ी खबर सामने आई। यहां बाता नदी के तेज बहाव के बीच दशकों पुराना ऐतिहासिक बाता पुल अचानक ध्वस्त हो गया। पुल का एक पिलर नदी के तेज बहाव और मिट्टी के कटाव की चपेट में आ गया, जिसके बाद पूरा हिस्सा भरभराकर नदी में समा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुल पर कोई वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

 

इधर लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में रात 10 बजे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

 

यह भी पढ़ें : पंजाब हाईकोर्ट के फैसले से हिमाचल के कर्मचारियों में जगी DA की उम्मीद, 15 अगस्त का कर रहे इतंजार

बाता नदी का तेज बहाव बना पुल के लिए काल

पांवटा साहिब में बाता नदी पर बना वर्षों पुराना पुल सोमवार सुबह अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और तेज बहाव ने पुल के एक पिलर की नींव कमजोर कर दी। देखते ही देखते पिलर ढह गया और पुल का बड़ा हिस्सा नदी में गिर गया।

 

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, हिमाचल के स्कूल-कॉलेजों में 15 अगस्त की छुट्टी रद्द; जानें कारण

 

घटना की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पुल की ओर जाने वाले सभी रास्तों को तत्काल बंद कर दिया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सील कर दिया है ताकि कोई भी व्यक्ति क्षतिग्रस्त पुल के पास न जा सके। यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया है।

निरमंड में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही

उधर कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। फ्लैश फ्लड और भूस्खलन के कारण सरकारी प्राथमिक स्कूल पांकवा का भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई सेब के बागानों, गोशालाओं और निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। कई परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि स्कूल में हादसे के समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू अपने ही मंत्रियों को कर रहे ट्रेस' : BJP का बड़ा दावा, APP पर छिड़ा नया विवाद

छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट- फ्लैश फ्लड का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कांगड़ा, चंबा, सोलन, ऊना, सिरमौर और बिलासपुर जिलों के लिए रात 10 बजे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा अगले कई दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आठवीं पास के लिए नौकरी : हर महीने 24 हजार तक मिलेगी सैलरी, जानें सबकुछ

अगले छह दिन भी राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। अलग-अलग दिनों में कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, सिरमौर, सोलन और चंबा जिलों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेटे ने BIRTHDAY पर खोया पिता, घर का काम करते लेंटर से गिरा- परिवार में मातम

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख