#यूटिलिटी

June 29, 2026

जाखू मंदिर में नतमस्तक हुए अनुराग ठाकुर, बोले- 12 वर्षों में केंद्र ने हिमाचल के हर क्षेत्र का किया विकास

हनुमान जी के आशीर्वाद से विकसित भारत का संकल्प और मजबूत होगा

शेयर करें:

Anurag singh thakur

शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को शिमला प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। देवभूमि हिमाचल की आध्यात्मिक पहचान माने जाने वाले इस पवित्र स्थल पर माथा टेकने के बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान में भी हिस्सा लिया और पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जाखू मंदिर केवल हिमाचल की आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा, सेवा और समर्पण का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, देश की प्रगति और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की है।

हिमाचल को मिला केंद्र सरकार से अभूतपूर्व सहयोग

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेल और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने वाली परियोजनाएं प्रदेश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाओं ने हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया है। इन योजनाओं का लाभ लाखों परिवारों को मिला है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून से पहले तबाही: जाहलमा नाले में आई भीषण बाढ़, पुलिया बही; सैकड़ों पर्यटक फंसे

हिमाचल में सड़कों के लिए हजारों करोड़ की मंजूरी

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश की 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर 2,247 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

 

12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के नए अध्याय लेकर आए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद देश ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और लगातार तेजी से विकास कर रहा है। करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल क्रांति जैसे कदमों ने देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले सात दिन जमकर बरसेगी आफत, तेज बारिश के साथ चलेगा आंधी-तूफान; ऑरेंज अलर्ट जारी

दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान

भाजपा नेता ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि दुनिया के कई देशों की भी मदद की। उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, डिजिटल इंडिया अभियान और वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत उपस्थिति ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनके अनुसार आज भारत विश्व स्तर पर एक जिम्मेदार और भरोसेमंद राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला हेल्थ वर्कर के जज्बे को सलाम.. उफनता नाला पार कर बच्चों को पिलाई पोलिया खुराक

यूसीसी पर दोहराया भाजपा का रुख

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इसकी शुरुआत हो चुकी है और भविष्य में अन्य राज्यों में भी इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला हेल्थ वर्कर के जज्बे को सलाम.. उफनता नाला पार कर बच्चों को पिलाई पोलिया खुराक

पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ अनुराग ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हर व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख