#यूटिलिटी
July 6, 2026
हिमाचल : अगले पाँच दिन बरसेगा बारिश का कहर, जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
11 जुलाई तक ऑरेंज और येलो अलर्ट
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं तापमान बढ़ने से उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
बारिश के बीच चम्बा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। रविवार सुबह चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेहरा के पास पहाड़ी से अचानक एक बड़ी चट्टान एक निजी बस पर आ गिरी। हादसे के समय बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे, जो भरमौर में आयोजित शिव पूजन समारोह से वापस लौट रहे थे।
चट्टान इतनी भारी थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में 4 मिलीमीटर और कांगड़ा में 1.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, कई जिलों में मौसम साफ रहने से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली।
सबसे ज्यादा गर्मी बिलासपुर में रही, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊना में पारा 33.8 डिग्री और शिमला में 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 3.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश हुई। कांगड़ा जिले के घमरूर में सबसे अधिक 84.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ऊना के अंब और भरवाईं में 60-60 मिलीमीटर, धर्मशाला में 39.2 मिलीमीटर, नैना देवी में 28.2 मिलीमीटर और मुरारी देवी में 26.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है-
लगातार बारिश के कारण लाहौल-स्पीति में चंद्रभागा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जोबरंग पुल को लेकर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि अगर पुल के ऊपर से पानी बह रहा हो तो कोई भी व्यक्ति पैदल, बाइक या अन्य छोटे वाहन लेकर पुल पार करने की कोशिश न करे। साथ ही पशुओं को भी ऐसे समय पुल से न ले जाया जाए।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग मौसम का अपडेट लेकर ही सफर करें। बता दें कि इस साल हिमाचल में मानसून अपनी तय तारीख से करीब पांच दिन देरी से 30 जून को पहुंचा था, लेकिन इसके बाद से लगातार बारिश का दौर जारी है। आने वाले दिनों में भी मौसम के और ज्यादा खराब होने की संभावना जताई गई है।