#यूटिलिटी
August 16, 2026
हिमाचल में कल बंद रहेंगे सरकारी स्कूल और कॉलेज, सुक्खू सरकार ने जारी की अधिसूचना
स्कूल कॉलेज के छात्रों को 17 अगस्त को मिली स्वतंत्रता दिवस छुट्टी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए सोमवार, 17 अगस्त को सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी कॉलेजों में भी अवकाश घोषित कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के सम्मान में सरकार ने यह विशेष छुट्टी देने का फैसला लिया है। इसके संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सरकार के इस फैसले के बाद सोमवार को प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों में नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग भी 17 अगस्त को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर चुका है। यानी सोमवार को सरकारी स्कूलों से लेकर कॉलेजों तक विद्यार्थियों को छुट्टी मिलेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बुझ गया एक घर का चिराग, भारी बारिश के बीच खाई में जा गिरी कार; पसरा मातम
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कॉलेज स्तर से लेकर उपमंडल, जिला और राज्य स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनकी इसी उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए सरकार ने 17 अगस्त को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है।
उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह की ओर से जारी आदेश प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों पर लागू होगा। सभी प्राचार्यों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भेज दिए गए हैं। ऐसे में सोमवार को इन शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा और विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश के बीच कांपी धरती, भूकंप के झटकों से सहमे लोग; घरों से बाहर निकले
सरकारी कॉलेजों के साथ प्रदेश के निजी कॉलेजों को भी सरकार के इस निर्णय की जानकारी दे दी गई है। हालांकि निजी शिक्षण संस्थानों के लिए छुट्टी अनिवार्य नहीं की गई है। निजी कॉलेजों के प्राचार्य और प्रबंधन अपने स्तर पर इस संबंध में फैसला ले सकते हैं। इसलिए निजी कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अपने संस्थान से अवकाश की पुष्टि करनी होगी।
गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्वतंत्रता दिवस के दिन ही प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए थे। अब उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के बाद सरकारी कॉलेज और सरकारी संस्कृत कॉलेज भी इस विशेष अवकाश के दायरे में आ गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया
प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रभात फेरियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, समारोहों और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। सरकार ने इसी सहभागिता और उत्साह को देखते हुए अगले कार्यदिवस पर अवकाश देने का निर्णय लिया है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद सोमवार को विद्यार्थियों को छुट्टी की सौगात मिल गई है।