#हादसा
August 16, 2026
हिमाचल में बुझ गया एक घर का चिराग, भारी बारिश के बीच खाई में जा गिरी कार; पसरा मातम
नियंत्रण खोते ही गहरी खाई में गिरी कार, चालक ने मौके पर तोड़ा दम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क हादसे लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। पहाड़ी सड़कों पर जरा सी चूक कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाती है और हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए अपनों से दूर कर देती है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में सामने आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद एक परिवार का चिराग बुझ गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसा कलूण-सलाणा-झीना सड़क पर पलाईश नामक स्थान के पास रविवार करीब 11:45 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि टाटा नेक्सन कार सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश के बीच कांपी धरती, भूकंप के झटकों से सहमे लोग; घरों से बाहर निकले
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना के समय कार में केवल एक ही व्यक्ति सवार था। हादसे के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया
मृतक की पहचान सुमित किमटा के रूप में हुई है। वह कलूण गांव, डाकघर चम्बी, तहसील चौपाल का रहने वाला था और नरेंद्र किमटा का पुत्र था। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंची प्रियंका गांधी, जयराम ठाकुर के गढ़ में इस दिन करेंगी स्कूल भवन का उद्घाटन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपाल थाना पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
यह भी पढ़ें : जयराम के गढ़ में सुक्खू सरकार ने बच्चों की मांग पर बनाया नया स्कूल भवन; अब प्रियंका गांधी काटेंगी रिबन
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि कार आखिर किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी या हादसे की कोई अन्य वजह रही, इसे लेकर जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है।