#यूटिलिटी
March 2, 2026
हिमकेयर कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर- जल्द करवा लेंं रिन्यू, वरना नहीं मिलेगा मुफ्त इलाज
इससे फर्जी या निष्क्रिय कार्डों की संख्या भी नियंत्रित रहेगी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने नए कार्ड बनाने और पुराने कार्ड के नवीनीकरण के लिए पोर्टल दोबारा खोल दिया है। जिन परिवारों के कार्ड की वैधता खत्म हो चुकी है या मार्च के बाद खत्म होने वाली है, वे 31 मार्च तक नवीनीकरण करवा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तय समयसीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और अगला मौका जून महीने में मिलेगा। ऐसे में अगर कोई लाभार्थी निर्धारित अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं करता है तो उसे लगभग दो महीने इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान यदि इलाज की जरूरत पड़ी तो योजना का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है।
प्रदेश में 1 जनवरी 2019 से अब तक कुल 13,70,910 हिमकेयर कार्ड बनाए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में ऐसे कार्ड हैं जिनकी समयसीमा पूरी हो चुकी है या जल्द पूरी होने वाली है। सरकार ने हाल ही में नियमों में बदलाव करते हुए स्पष्ट किया है कि अब साल में केवल चार महीने मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही नया कार्ड बनाया जाएगा या नवीनीकरण होगा।
यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि डेटा अपडेट और सत्यापन की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से हो सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इससे फर्जी या निष्क्रिय कार्डों की संख्या भी नियंत्रित रहेगी और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को समय पर लाभ मिल सकेगा।
आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक धर्मपाल राणा ने बताया कि 31 मार्च तक पोर्टल पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें।
आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा जिला कार्डधारकों की संख्या में सबसे आगे है, जबकि लाहौल-स्पीति में यह संख्या सबसे कम है। यहां देखें लिस्ट-
लाभार्थी नजदीकी लोक मित्र केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर या अधिकृत पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए परिवार का पहचान पत्र, आधार से संबंधित जानकारी और आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखना जरूरी है।
सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र परिवार को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। इसलिए लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर योजना का निरंतर लाभ उठाएं।