#यूटिलिटी
March 8, 2026
हिमाचल में अब तुरंत बुक नहीं होगा गैस सिलेंडर : 25 दिन करना पड़ेगा इतंजार, जानें क्यों
गैस बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया गया है। अब घरेलू गैस सिलिंडर की डिलिवरी मिलने के बाद उपभोक्ता तुरंत अगली बुकिंग नहीं कर पाएंगे।
नई व्यवस्था के तहत सिलिंडर मिलने के 25 दिन पूरे होने के बाद ही अगली बुकिंग संभव होगी। यह नया नियम प्रदेश में शनिवार से लागू कर दिया गया है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को अपनी गैस खपत की योजना नए तरीके से बनानी पड़ेगी।
तेल कंपनियों की ओर से यह फैसला पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी वैश्विक अनिश्चितता को देखते हुए लिया गया है। कंपनियों ने गैस एजेंसियों और वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि उपभोक्ताओं को सिलिंडर की डिलिवरी तिथि के आधार पर ही अगली बुकिंग की अनुमति दी जाए।
अगर किसी उपभोक्ता को आज सिलिंडर मिला है तो उसे अगली बुकिंग करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। नई व्यवस्था के अनुसार गैस कंपनियों के ऑनलाइन और फोन बुकिंग सिस्टम को भी इसी नियम के अनुरूप अपडेट कर दिया गया है।
अगर कोई उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने से पहले गैस सिलिंडर बुक करने की कोशिश करेगा तो सिस्टम स्वतः ही उस अनुरोध को अस्वीकार कर देगा। गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे मैन्युअल तरीके से भी समय से पहले बुकिंग स्वीकार न करें।
कंपनियों का कहना है कि इस कदम का लक्ष्य घरेलू गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखना और जरूरत के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करना है। कई बार एक साथ ज्यादा बुकिंग होने के कारण सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पाती।
तेल कंपनियों का कहना है कि फिलहाल यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। अगर आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति सामान्य रहती है और गैस आपूर्ति पर दबाव कम होता है तो इस नियम में बदलाव भी किया जा सकता है। इसलिए उपभोक्ताओं को फिलहाल इस नई व्यवस्था के अनुसार ही बुकिंग करनी होगी।
इसी बीच प्रदेश में रसोई गैस सिलिंडर के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत अब 957 रुपये तक पहुंच गई है। कीमतों में करीब 60 रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं यदि होम डिलिवरी चार्ज जोड़ दिया जाए तो उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर लगभग 1015 रुपये तक भुगतान करना पड़ सकता है।
राजधानी शिमला में गैस एजेंसियों की ओर से 57.75 रुपये डिलिवरी चार्ज तय किया गया है। हालांकि उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के तहत लगभग 31 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में वापस मिल जाती है।
घरेलू गैस के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। प्रदेश में कमर्शियल सिलिंडर अब 114 रुपये महंगा हो गया है। नई दरों के अनुसार उपभोक्ताओं को डिलिवरी सहित एक व्यावसायिक सिलिंडर के लिए करीब 2075 रुपये तक चुकाने पड़ेंगे।
प्रदेश में इन दिनों शादी-समारोहों का सीजन भी शुरू हो गया है। ऐसे समय में होटल, ढाबों और कैटरिंग सेवाओं में कमर्शियल सिलिंडरों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव और बढ़ती कीमतों के कारण कारोबारियों को अतिरिक्त प्रबंधन करना पड़ सकता है।
अगर अचानक अधिक सिलिंडरों की जरूरत पड़ती है और बुकिंग पर समय की पाबंदी लागू रहती है- तो आयोजनों के दौरान गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में कई कारोबारी पहले से ही अतिरिक्त सिलिंडर की व्यवस्था करने की कोशिश में जुट गए हैं।
विदित रहे कि, गैस बुकिंग के नियमों में यह बदलाव हिमाचल प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है। अब लोगों को अपनी रसोई गैस की खपत को ध्यान में रखते हुए पहले से योजना बनानी होगी, ताकि सिलिंडर खत्म होने की स्थिति में उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।