#खेल
May 6, 2026
क्रिकेट के रंग में रंगेगा धर्मशाला- IPL का रोमांच शुरू, शेड्यूल भी जारी- कल पहुंचेगी टीमें
यहां करेंगी टीमें जम कर प्रैक्टिस
शेयर करें:

कांगड़ा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास खबर है। धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में होने वाले IPL मैचों को लेकर माहौल अब पूरी तरह से गर्म हो चुका है। HPCA को सभी टीमों के पहुंचने और अभ्यास का पूरा शेड्यूल मिल चुका है और उसी के अनुसार तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे पहले मेजबान पंजाब किंग्स की टीम सात मई को दोपहर बाद धर्मशाला पहुंचेगी और करीब 11 दिनों तक यहीं ठहरेगी, जिससे साफ है कि टीम यहां अच्छे से तैयारी करना चाहती है। बता दें कि पंजाब किंग्स के खिलाड़ी कंडी इलाके के एक निजी होटल में रुकेंगे। टीम 8 मई से 10 मई तक लगातार तीन दिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक प्रैक्टिस करेगी।
इस दौरान खिलाड़ी मैदान की परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश करेंगे। 10 मई को दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी धर्मशाला पहुंच जाएगी और उसी दिन अभ्यास सत्र में शामिल होगी। दिल्ली की टीम अपने मैच से पहले करीब तीन दिन यहां रुककर जमकर प्रैक्टिस करेगी।
इसके बाद 11 मई को मुंबई इंडियंस की टीम धर्मशाला पहुंचेगी। मुंबई के खिलाड़ी 12 और 13 मई को शाम 6 बजे से 9 बजे तक अभ्यास करेंगे। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम 15 मई को यहां पहुंचेगी। 16 मई को RCB का अभ्यास सत्र दोपहर 3:30 बजे से 6:30 बजे तक रखा गया है, जबकि उसी दिन पंजाब किंग्स भी शाम 4 बजे से अपना अभ्यास शुरू करेगी।
HPCA के सह-सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि सभी टीमों के आने और अभ्यास का शेड्यूल तय हो चुका है और उसी के अनुसार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा और अभ्यास से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मैचों के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो।