#धर्म
April 25, 2026
हिमाचल के शख्स ने इस मंदिर को दान दी एक करोड़ की धनराशि, पहले भी खर्च किए थे 3 करोड़
पहले कर चुकें है 3 करोड़ रुपये का दान
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के उद्योगपति प्रदेश के मंदिरों में तो दान करते ही हैं लेकिन उनका का ये कार्य सिर्फ हिमाचल तक सीमित नहीं है और हो भी क्यों, भगवान के प्रति आस्था किसी भी सीमा से ऊपर है। इसी का एक उदाहरण ऊना जिले से संबंध रखने वाले प्रमुख उद्योगपति डॉ. महिंद्र शर्मा ने पेश किया है। उन्होंने हाल ही में उत्तराखंड के श्री बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए करोड़ों का दान किया जिसने सबका ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
बता दें कि हिमाचल के उद्योगपति डॉ. महिंद्र शर्मा ने बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए 1.01 करोड़ रुपये दान किए हैं। उन्होंने यह चेक श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपा। यह राशि दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए खर्च की जाएगी। इससे यात्रियों के लिए रहने, खाने और यात्रा से जुड़ी जरूरी सुविधाएं और आसान हो जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: बारातियों से भरी स्कॉर्पियो फ्लाईओवर पर पलटी, चीख-पुकार सुन बचाने दौड़े लोग
डॉ. महिंद्र शर्मा ऊना जिले के बढेड़ा राजपूतां गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार पहले से ही समाजसेवा और दान-पुण्य के कामों के लिए जाना जाता है। उनके पिता स्वर्गीय अमरनाथ शर्मा भी अपने समय के बड़े दानवीर माने जाते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ. शर्मा लगातार धार्मिक और सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
वे AANS कंस्ट्रक्शन कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जो रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में काम करती है। बिजनेस के साथ-साथ वे धार्मिक कार्यों में भी हमेशा आगे रहते हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने मंदिरों के लिए बड़ा योगदान दिया हो।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फजीहत, कड़ी फटकार के साथ दूसरी बार लगाया भारी जुर्माना
साल 2018 में उन्होंने केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में चांदी का काम करवाने के लिए करीब 3 करोड़ रुपये दिए थे। इसके अलावा 2023 में उन्होंने केदारनाथ धाम में ग्लास हाउस भी बनवाया था, ताकि व्यवस्थाएं और पारदर्शी और बेहतर हो सकें।
इसके साथ ही उन्होंने माता वैष्णो देवी मंदिर में भी कई बड़े दान किए हैं। वहां हर गुरुवार को चलने वाले लंगर के लिए 1 करोड़ रुपये दिए थे, जो साल 2030 तक जारी रहेगा। 2020 में उन्होंने वैष्णो देवी में दुर्गा भवन के निर्माण के लिए भी 1 करोड़ रुपये का योगदान दिया था।
अपने ही गृह जिले ऊना में स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर के लिए भी उन्होंने बड़ा योगदान दिया है। यहां गर्भगृह में चांदी का काम करवाने के लिए उन्होंने करीब 3 करोड़ रुपये दान किए थे, जिससे मंदिर की भव्यता और बढ़ गई।
यह भी पढ़ें ; हिमाचल: पहाड़ से गिरा मलबा, चपेट में आया 25 वर्षीय मशीन ऑपरेटर- बुझ गया परिवार का चिराग
श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने डॉ. महिंद्र शर्मा का आभार जताया और कहा कि उनका यह योगदान बहुत सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे दूसरे लोग भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए आगे आएंगे। मंदिर समिति इस राशि का इस्तेमाल श्रद्धालुओं की सुविधाएं और बेहतर बनाने में करेगी।