#हादसा
April 25, 2026
हिमाचल: पहाड़ से गिरा मलबा, चपेट में आया 25 वर्षीय मशीन ऑपरेटर- बुझ गया परिवार का चिराग
मशीन के अंदर फंसा था ऑपरेटर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक युवा मशीन ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को जुब्बल के बडाल गांव में नई सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। काम अपने सामान्य तरीके से जारी था, लेकिन अचानक पहाड़ी से भारी मलबा, बड़े-बड़े पत्थर और पेड़ नीचे गिरने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हीटवेव की दस्तक, सामान्य से ऊपर चढ़ा पारा- ऊंचाई वाले इलाके भी हुए गर्म
इसी दौरान एक JCB और LNT मशीन मलबे की चपेट में आ गई। दुर्भाग्य से ऑपरेटर उस समय LNT मशीन के केबिन के अंदर ही मौजूद था और देखते ही देखते वह मलबे में फंस गया। मलबा इतना ज्यादा था कि मशीन पूरी तरह दब गई और ऑपरेटर को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना जुब्बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालात काफी चुनौतीपूर्ण थे, मशीन के ऊपर भारी चट्टानें और पेड़ गिरे हुए थे। ऑपरेटर मशीन के अंदर फंसा हुआ था। इसके बाद मौके पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मजे कर रहा था पंजाबी गैंगस्टर, पुलिस ने मिलकर बिछाया जाल- गिरफ्त में आए कुल 8 लोग
रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था। दूसरी JCB मशीन की मदद ली गई और गैस कटर से मशीन के केबिन को काटने का काम शुरू किया गया। काफी देर तक लगातार मेहनत करने के बाद आखिरकार टीम रोहित तक पहुंच पाई और उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद बिना समय गंवाए उसे 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेटर को मृत घोषित कर दिया।
रोहित उम्र 25 साल, गांव नलाईन, जिला चंबा के रुप में हुई है। वह LNT मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नया जमीन घोटाला: 200 करोड़ की जमीन का कौड़ियों में सौदा, सवालों के घेरे में SDM
फिलहाल रोहित के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही, इस मामले में BNS की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।