#राजनीति
May 2, 2026
विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर निकाली भड़ास: 'महिला प्रेम' को बताया ढोंग, महंगाई पर घेरी मोदी सरकार
विक्रमादित्य बोले महिला सम्मान की बात करने वाले बिंदल का भाषण सभी ने सुना
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के कद्दावर नेता और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज पूरी तरह से हमलावर मुद्रा में नजर आए। उन्होंने एक के बाद एक कई तीखे राजनीतिक बाण छोड़ते हुए न केवल प्रदेश भाजपा को कटघरे में खड़ा किया, बल्कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठाए।
विक्रमादित्य सिंह ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा को महिला सम्मान का दिखावा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने शिमला रैली का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने महिलाओं के प्रति जो टिप्पणी की थी, वह उनकी असलियत बताने के लिए काफी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिला हितैषी है, तो 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को तत्काल उसी रूप में लागू क्यों नहीं किया जा रहा?
यह भी पढ़ें : हिमाचल निकाय चुनाव: 'अपनों' के मोह में फंसी कांग्रेस, अनुभव को दरकिनार कर मंत्री के भतीजे को दिया टिकट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरों पर सीधा प्रहार करते हुए विक्रमादित्य ने कहा कि पीएम केवल औपचारिक दौरों और 'फोटो सेशन' के लिए यहां आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने डीएसएलआर कैमरों से तस्वीरें खिंचवाकर चले जाते हैं, लेकिन स्थानीय नेताओं और जनता की समस्याओं पर संवाद करने तक की जहमत नहीं उठाते।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कांगड़ा दौरे को लेकर भाजपा द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक था। उन्होंने बताया कि इस दौरान राहुल गांधी ने हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने भाजपा को अनावश्यक बयानबाजी से बचने की सलाह भी दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पिकअप और कार चालक की गलती से गई 2 युवकों की जा.न, एक आरोपी फरार
प्रदेश में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार अपने कामकाज और उपलब्धियों के दम पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने बताया कि चार नगर निगमों में चुनाव प्रस्तावित हैं और मंडी की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, जिसे वे पूरी मजबूती से निभाएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से आम जनता पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, लेकिन मतदान खत्म होते ही भारी बढ़ोतरी कर दी गई। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ सकती हैं, जिससे पर्यटन सीजन के दौरान लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दामाद के साथ बाइक पर निकली थी सास, अचानक हो गई अनहोनी; थमी सांसें
मंत्री ने बताया कि बिटुमेन और एलडीओ की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत टारिंग कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे परियोजनाओं की लागत में करोड़ों रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार केंद्र के समक्ष उठाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
चार राज्यों में चल रहे चुनावों का जिक्र करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर दोबारा मतदान कराए जाने से निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और आयोग पर केंद्र सरकार के प्रभाव में काम करने के आरोप लग रहे हैं।