#राजनीति
May 21, 2025
राजा-सुक्खू गुट में फिर ठनी : प्रतिभा सिंह ने किया विक्रमादित्य के बयान का समर्थन, मंत्री बोले- नकली सिक्के...
हिमाचल कांग्रेस में बढ़ती हलचल: अध्यक्ष बदलने पर प्रतिभा की प्रतिक्रिया
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से उठती सियासी सरगर्मियों के बीच, प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर एक बार फिर से खींचतान तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है और इसी के साथ कांग्रेस कार्यकारिणी भी लंबे समय से भंग अवस्था में है। एक ओर जहां होली लॉजी विरोधी धड़ा नए प्रदेशाध्यक्ष की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर समर्थक गुट वर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल को जारी रखने की वकालत कर रहा है।
इसी बीच मंत्री अनिरुद्ध सिंह के फेसबुक पोस्ट ने सियासी गलियारों में चर्चा का दौर बढ़ा दिया है, जिसके बाद माना जा रहा है कि, कांग्रेस के बीच अध्यक्ष पद को लेकर चल रही खींच तान अभी और लंबी चलेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिभा सिंह ने इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, “जो भी व्यक्ति पार्टी की बागडोर संभाले, वह ऐसा नेता होना चाहिए जिसका प्रदेश में प्रभाव हो, जिसकी अपनी राजनीतिक पहचान हो और जो कांग्रेस को मजबूत करने की क्षमता रखता हो।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि नेतृत्व में बदलाव होता है तो वह चाहेंगी कि “कद्दावर नेता” ही आगे आए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों से चर्चा की है और इस संबंध में जल्द ही निर्णय की अपेक्षा है। उन्होंने बताया कि वह इस विषय में पार्टी हाईकमान से लगातार संपर्क में हैं और जल्द ही नई कार्यकारिणी के गठन के लिए अनुरोध किया जा रहा है ताकि सभी कार्यकर्ता ज़मीनी स्तर पर काम में जुट सकें
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेशाध्यक्ष को बदलना या बनाए रखना पार्टी हाईकमान का विशेषाधिकार है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर वे केवल अपनी राय रख सकती हैं, लेकिन अंतिम निर्णय नेतृत्व का ही होगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी की हालिया बैठकें देश की परिस्थितियों के चलते टली थीं, लेकिन अब जल्द ही यह बैठकें फिर से होंगी।
प्रतिभा सिंह ने अपने दिवंगत पति और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनका योगदान कांग्रेस पार्टी के लिए अविस्मरणीय है।
उन्होंने याद दिलाया कि एक समय था जब वीरभद्र सिंह ने पार्टी को अपने निजी घर से चलाया था और कठिन हालातों में भी पार्टी को पुनर्जीवित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उसी त्याग और समर्पण की भावना से आगे बढ़ाया जाना चाहिए, और वीरभद्र सिंह के पदचिन्हों पर चलकर पार्टी को नई दिशा दी जानी चाहिए।
उधर, संगठन की चर्चाओं के बीच अनिरुद्ध सिंह की फेसबुक पोस्ट ने भी माहौल को गरमा दिया है। बता दें कि इस रेस में अनिरुद्ध सिंह भी है और कयास लगाया जा रहा है कि सीएम सुक्खू उन्हें अध्यक्ष पद पर तैनाती देना चाहते है और अनिरुद्ध सुक्खू की पहली पसंद बने है। ऐसे में अनिरूद्ध सिंह ने पोस्ट कर राजनीतिक गल्लियारों में चर्चा बढ़ा की है। अनिरुद्ध ने पोस्ट किया है कि "बुद्धिमान व्यक्ति कभी चालबाज नहीं होता - नकली सिक्के वही इकट्ठा करता है जिसके पास असली सिक्कों की कमी होती है"।