#राजनीति
August 7, 2025
CM सुक्खू को राहुल गांधी का पर्सनल कॉल : डिनर पर बुलाया, यहां जानिए वजह
शुक्रवार को लौटेंगे सीएम सुक्खू, पहले बुधवार को था वापसी का प्लान
शेयर करें:

नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू वीरवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर रात्रिभोज पर जाने वाले हैं।इस डिनर इनविटेशन के कारण CM सुक्खू का शिमला लौटने का कार्यक्रम भी टल गया। पहले वे बुधवार को ही हिमाचल लौटने वाले थे और इसके लिए उन्होंने दोपहर बाद एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान भी कर दिया था।
दरअसल, राहुल गांधी अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश की पूजा करवा रहे हैं, इसी उपलक्ष्य में उन्होंने देश के कुछ चुनिंदा नेताओं को डिनर पर आमंत्रित किया है, जिनमें CM सुक्खू भी शामिल होंगे। पहले बुधवार को सीएम सुक्खू वापस लौट रहे थे। तभी राहुल गांधी ने उन्हें फोन पर न्यौता देते हुए रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रुकने का निर्णय लिया और अब वे शुक्रवार सुबह शिमला लौटेंगे
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को केवल डिनर तक सीमित नहीं माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान राहुल गांधी और सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बीच प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा स्थिति, संगठन में संभावित बदलाव और केंद्र सरकार की नीतियों पर पार्टी लाइन के मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
पार्टी में नेतृत्व और जिम्मेदारियों को लेकर बीते दिनों जो अंतर्विरोध सामने आए हैं, उन्हें सुलझाने के लिए हाईकमान लगातार हिमाचल कांग्रेस के नेताओं के साथ संपर्क में है। सीएम को डिनर इनविटेशन और व्यक्तिगत बातचीत के लिए बुलाना, इस दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है। वहीं, इस समय प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर उठापटक का माहौल है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस विषय पर भी एक सार्थक चर्चा हो सकती है।