#राजनीति
May 13, 2025
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चयन के बीच राठौर को दिल्ली से आया बुलावा, गरमाई सियासत
प्रदेश अध्यक्ष चयन के साथ ही सुक्खू कैबिनेट में भी होना है विस्तार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पिछले छह माह से बिना संगठन के चल रही है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की भी ताजपोशी में लगातार विलंब हो रहा है। अब इस सब के बीच हिमाचल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर को दिल्ली से बुलावा आ गया है। कुलदीप राठौर आज मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं। हाईकमान द्वारा राठौर को दिल्ली बुलाए जाने से अब हिमाचल कांग्रेस में सियासी हलचल मच गई है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में एक तरफ जहां कांग्रेस के पूरे संगठन का गठन होना है। वहीं प्रतिभा सिंह का कार्यकाल खत्म होने के चलते अब प्रदेश को नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिलना है। पार्टी हाईकमान की ओर से लगातर हो रही देरी पर अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने संगठन के गठन और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की जिम्मेदारी ले ली है। जिसके लिए वह इसी सप्ताह प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाएंगे। लेकिन उससे पहले ही कुलदीप राठौर के दिल्ली बुलाए जाने से एक बार फिर हिमाचल में राजनीति गरमाने लगी है।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर की PM मोदी की तारीफ, साथ में कर दी ये डिमांड
कुलदीप राठौर आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि राठौर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात कर सकते हैं। इसके साथ ही कुलदीप राठौर राष्ट्रीय स्तर की एक बैठक में भी भाग लेंगे। राठौर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं, ऐसे में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि कुलदीप राठौर ने अभी कुछ दिन पहले ही बयान दिया था, जिसमें उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनने की अटकलों पर विराम लगाते हुए इससे साफ इंकार कर दिया था।
यह भी पढ़ें : J&K के शोपियां में सेना ने ढेर किए 3 आतं*की, क्या पहलगाम घटना से जुड़े थे लिंक- दो की हुई पहचान
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कमेटियां पिछले 6 माह से भंग चल रही हैं। संगठन में मात्र प्रतिभा सिंह की कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनी हुई हैं। लेकिन अब उनका भी कार्यकाल खत्म हो चुका है। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान पहले नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेगा, उसके बाद ही संगठन का गठन किया जाएगा। नए प्रदेश अध्यक्ष पर निर्णय लेने के लिए हाईकमान ने पिछले दिनों प्रदेश के सीएम, डिप्टी सीएम, प्रतिभा सिंह सहित कई नेताओं को दिल्ली बुलाया था। लेकिन भारत पाक तनाव के चलते कोई फैसला नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: राशन की दुकान में बिक रहा था चिट्टा, झोला लेकर आते थे नशेड़ी - पुलिस ने मौके पर दबोचा
हिमाचल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में कई बड़े चेहरे लाइन में हैं। जिसमें कुलदीप राठौर का नाम भी एक है। उसके अलावा विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आगे माना जा रहा है। इसी तरह से कांग्रेस में कैबिनेट विस्तार भी होना है। अब देखना यह है कि कुलदीप राठौर के साथ पार्टी हाईकमान क्या चर्चा करती है।