#राजनीति
March 12, 2025
अब दोपहर को नहीं, सोमवार सुबह 11 बजे पेश होगा हिमाचल का बजट, शनिवार को छुट्टी
मंदिरों से पैसा मांगने को लेकर सदन में हंगामा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश का बजट सोमवार 17 मार्च को दोपहर 2 बजे नहीं, बल्कि सुबह 11 बजे पेश होगा। शुक्रवार 14 मार्च को होली की छुट्टी के बाद शनिवार को भी विधानसभा का अवकाश रहेगा। स्पीकर कुलदीप पठानिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। बजट सत्र के तीसरे दिन मंदिरों से पैसा लेने के मुद्दे पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच जमकर नोंक-झोंक हुई।
स्पीकर ने बताया कि कुछ सदस्यों की आपत्ति के बाद सुबह बजट पेश करने का समय बदला है, वरना हर बार सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होती है। विधायकों के आग्रह पर विधानसभा सचिवालय प्रशासन ने इसका समय बदला है।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अब 17 मार्च को सुबह 11 बजे आगामी वित्त वर्ष का बजट पेश करेंगे। शुक्रवार को होली की छुट्टी के कारण सदस्यों ने शनिवार को विधानसभा सत्र टालने का अनुरोध किया।
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सदन में मंदिरों से पैसा लेने का मामला उठाया था। सीएम सुक्खू की गैरमौजूदगी में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री इस पर बोलने के लिए उठे। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय भी मंदिर ट्रस्ट से पैसे लिए गए।
जवाब में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा भाजपा ने मंदिर के अधीन चल रही गोशाला के लिए 15 प्रतिशत तक धन के प्रावधान की बात कही थी, जबकि सुखाश्रय योजना को राज्य सरकार ने बजट प्रावधान के साथ शुरू किया था। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री और जयराम ठाकुर के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भी दोनों नेता कई बार आमने-सामने हुए।