#राजनीति
September 27, 2025
CM के बाद अब मंत्री-विधायक भी चले लंदन और फ्रांस घूमने: जयराम बोले- ये बेशर्म सरकार है
स्वास्थ्य मंत्री के बेटे को लिख दिया अपराधी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आई आपदा जगजाहिर है। मुश्किल की घड़ी में जनता का मुखिया उनके बीच रहकर उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश करता है, महसूस करता है लेकिन ये हिमाचल के नसीब में नहीं है। प्रदेश के मुखिया पहले बिहार चुनाव प्रचार के लिए चले गए, फिर उनका लंदन का दौरा चर्चा का विषय बन गया। CM तक तो ठीक था लेकिन अब CM की फौज भी विदेश जाने के लिए तैयार है।
दरअसल हिमाचल के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के नेतृत्व में उनका बेटा, दो विधायक और अफसर लंदन और फ्रांस के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे से संबंधित चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार ने बदला फैसला: अब ये छात्र ले जा सकेंगे स्कूल में मोबाइल- पूरी डिटेल यहां पढ़ें
नेता व अफसरों का 10 सदस्यीय दल 2 अक्टूबर को विदेश दौरे के लिए रवाना होगा जो 11 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरे के दौरान ये टीम विदेशों में स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच करेगा ताकि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में भी बेहतर सुविधाएं दी जा सकें।
वहीं इस दौरे की जानकारी मिलते ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार को घेर लिया और सरकार को बेशर्म कह डाला। ठाकुर ने लिखा- "आपदा की वजह से पूरा प्रदेश त्रस्त है। अब तक न तो सड़कें बहाल हो पाई हैं, न ही बिजली, पानी जैसी अन्य सुविधाएं। लोग अस्पतालों में बिना इलाज के दर-दर भटक रहे हैं। हिम केयर का भुगतान न होने की वजह से कैंसर के मरीजों का इलाज बीच में ही रुक रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग सरकारी खर्चे पर परिवार और मित्रों के साथ लंदन पेरिस घूमने का प्लान बना रहा है। यह व्यवस्था परिवर्तन वाली बेशर्म सरकार है।"
यह भी पढ़ें : बच्चियों के पीछे पड़ा था हिमाचल का ये शिक्षक: पॉक्सो के तहत केस दर्ज- हुआ फरार
विदेश दौरे को लेकर जारी चिट्ठी एक और कारण के लिए भी चर्चा में आई है। इसमें हेल्थ मिनिस्टर धनीराम शांडिल के बेटे कर्नल संजय शांडिल को 'accomplice' ऑफ हेल्थ मिनिस्टर लिखा गया है जिसका हिंदी अर्थ सह अपराधी होता है। इस गलती के चलते भी स्वास्थ्य विभाग की किरकिरी हो रही है।