#राजनीति

April 20, 2024

हिमाचल में कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रियंका के करीबी इस बड़े नेता ने छोड़ी पार्टी

शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। इसी बीच अब एक और बड़े नेता ने कांग्रेस का दामन छोड़ कर बीजेपी ज्वाइन कर ली है। इस नेता के कांग्रेस छोड़ने से हिमाचल के अलावा पंजाब कांग्रेस में भी खलबली मच गई है। वहीं सुक्खू सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोकसभा चुनाव से पहले इस नेता द्वारा पार्टी से इस्तीफा देना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। यह नेता कोई और नहीं बल्कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी सचिव और प्रियंका गांधी के करीबी तजिंदर सिंह बिट्टू हैं।

सुबह दिया इस्तीफा शाम को ज्वाइन कर ली भाजपा

प्रियंका गांधी के करीबी माने जाने वाले तजिंदर सिंह बिट्टू ने आज यानी शनिवार सुबह ही कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था। वहीं शाम होते होते उन्होंने बीजेपी भी ज्वाइन कर ली। हिमाचल में राजनीतिक संकटों से घिरी हुई कांग्रेस के लिए तजिंदर सिंह बिट्टू का पार्टी छोड़ना एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

दिल्ली में ली बीजेपी की सदस्यता

तजिंदर सिंह बिट्टू ने शनिवार दोपहर बाद दिल्ली में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह भी पढ़ें: हिमाचल वि.स अध्यक्ष की पत्नी पर गंभीर आरोप: वीडियो वायरल इससे पहले सोशल मीडिया पर इस्तीफे की जानकारी देते हुए बिट्टू ने कहा कि भारी मन से 35 साल बाद मैं कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं। हालांकि उन्होंने इस्तीफा देने की वजह का खुलासा नहीं किया है।

हिमाचल के साथ पंजाब की सियासत में खलबली

तजिंदर सिंह बिट्टू के भाजपा ज्वाइन करने से हिमाचल के साथ साथ पंजाब की सियासत में भी खलबली मच गई है। सूत्रों की मानें तो तजिंदर सिंह बिट्टू बीते कई दिनों से बीजेपी के शीर्ष नेताओं के संपर्क में थे और क्यास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। इसी बीच आज उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया और दिल्ली में बीजेपी ज्वाइन कर ली।

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

लोकसभा चुनाव से पहले तजिंदर सिंह बिट्टू का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि तजिंदर सिंह बिट्टू की पंजाब की राजनीति और वोट बैंक पर मजबूत पकड़ है। ऐसे में लोकसभा चुनाव के दौरान उनका कांग्रेस छोड़कर जाना पार्टी का बड़ा नुकसान साबित होगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख