#राजनीति
October 30, 2025
हिमाचल कांग्रेस में नई पारी की आहट: एक हफ्ते में घोषित होगा नया अध्यक्ष, इस नेता का नाम सबसे आगे
1 महीने से खाली हिमाचल कांग्रेस की कमान, अब जल्द बनेगा नया कप्तान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद अब संगठनात्मक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति एक हफ्ते के भीतर हो सकती है। पिछले कल CM सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली पहुंचने के साथ ही रजनी पाटिल से मिले है। सुक्खू पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अक्टूबर के अंत या नवंबर के पहले सप्ताह तक प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर निर्णय हो जाएगा।
बता दें कि पिछले कल सीएम सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रजनी पाटिल से मिले हैं। जिसके बाद यहां प्रदेश में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है और आसार जताए जा रहे हैं कि लंबे इंतजार के बाद नवंबर के पहले हफ्ते में पार्टी किसी एक नाम पर मुहर जरूर लगाएगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल CM ने वित्त मंत्री से की मुलाकात : PM पैकेज और लोन लिमिट बढ़ाने की रखी मांग
करीब 11 महीने से हिमाचल कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी भंग चल रही है। इस दौरान पार्टी केवल कार्यवाहक रूप में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में काम कर रही है, जिनका कार्यकाल एक साल पहले पूरा हो चुका है। वर्तमान में संगठन में न कोई उपाध्यक्ष है, न महासचिव केवल अध्यक्ष का पद सक्रिय है। ऐसे में नए अध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्सुकता है।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक विनोद सुल्तानपुरी और संजय अवस्थी इस पद के प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व संतुलन की राजनीति के तहत किसी ऐसे चेहरे को मौका देने के मूड में है जो संगठन और सरकार दोनों के बीच तालमेल बनाए रख सके।
यह भी पढ़ें: बिना तैयारी मीटिंग में आए अफसरों पर बरसी सांसद कंगना, बोली- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री सुक्खू की दिल्ली यात्रा को भी इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। वह यहां पार्टी हाईकमान से मुलाकात कर रहे हैं, जहां न केवल प्रदेश संगठन पर चर्चा होगी बल्कि सरकार और केंद्र के बीच जारी वित्तीय मुद्दों पर भी बातचीत होगी। सूत्र बताते हैं कि सुक्खू की राय पर ही नए अध्यक्ष का नाम तय किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आगामी दिनों में बिहार में कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। उन्हें पार्टी ने स्टार प्रचारक की सूची में शामिल किया है। उत्तर भारत में इस समय कांग्रेस के अकेले मुख्यमंत्री होने के कारण सुक्खू से उम्मीदें भी अधिक हैं।