#राजनीति
April 14, 2026
हाईकमान फाइनल करेगा उम्मीदवार का नाम

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव अब पूरी तरह राजनीतिक रंग लेते दिख रहे हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी चयन के लिए प्रत्येक पद पर तीन-तीन नामों का पैनल मांगा है। इसके जरिए पार्टी अधिकृत उम्मीदवार उतारेगी, जिससे चुनाव में सीधी राजनीतिक टक्कर देखने को मिलेगी। इस कदम के बाद साफ है कि पंचायत स्तर पर भी अब दलगत राजनीति और रणनीति का असर खुलकर दिखाई देगा।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रणनीति पर तेजी से काम शुरू करते हुए पंचायत प्रधान और जिला परिषद पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवारों का तीन-तीन नामों का पैनल 23 अप्रैल तक मांगा है। पार्टी इन नामों में से अधिकृत प्रत्याशी तय कर मैदान में उतारेगी। दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी संगठन स्तर पर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
पार्टी जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन कर चुनावी मोर्चे को मजबूत करने की योजना बना रही है। साथ ही शीर्ष नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों को एकजुट होकर चुनाव लड़ने के निर्देश दिए हैं।
पंचायत चुनाव में इस बार महिला प्रत्याशियों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है, क्योंकि आधी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। यही वजह है कि दोनों प्रमुख दल मजबूत महिला चेहरों की तलाश में जुट गए हैं।
इसके साथ ही अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी आरक्षण लागू होने से जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। चुनावी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर भी समितियों को सक्रिय किया जा रहा है।
भाजपा ने जहां अपनी संगठनात्मक संरचना को पहले ही बूथ स्तर तक विस्तारित कर लिया है, वहीं कांग्रेस अभी जिला स्तर पर संगठन को पूर्ण रूप देने में लगी है। ऐसे में देरी कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकती है। दोनों दलों ने अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया है। स्पष्ट कर दिया गया है कि अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष अनुशासन और चुनाव समितियों की भूमिका अहम रहने वाली है।