#राजनीति

July 28, 2026

मंत्री विक्रमादित्य और RS बाली का REUNION : बोले- हम दोनों को लोग साथ देखना चाहते हैं...

अपनी बात डटकर रखने वाले नेता हैं विक्रमादित्य

शेयर करें:

Vikramaditya Singh RS Bali

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में स्वर्गीय जीएस बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर गांधी ग्राउंड, नगरोटा बगवां में आयोजित 24वें बाल मेले के मंच से कांग्रेस के दो युवा नेताओं के बीच गहरी राजनीतिक और व्यक्तिगत नजदीकियां खुलकर सामने आईं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक आरएस बाली ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का हाथ थामते हुए कहा कि प्रदेश के लोग दोनों को एक साथ देखना चाहते हैं और आने वाले समय में उन्हें लंबा राजनीतिक सफर मिलकर तय करना है।

हम दोनों का रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं

आरएस बाली ने मंच से कहा कि उनका और विक्रमादित्य सिंह का रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि दो भाइयों जैसा है। उन्होंने कहा कि दोनों लगभग रोज एक-दूसरे से फोन पर बात करते हैं और हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा करते हैं।

यह भी पढ़ें : पेपर लीक पर सियासी संग्राम : जयराम बोले- CM सुक्खू दें हिसाब, मित्रों ने खोल रखी हैं एजेंसियां

उन्होंने कहा, "विक्रमादित्य हमेशा मुझसे कहते हैं कि आप पूरे प्रदेश में गरजते हैं। लोग हमें साथ देखना चाहते हैं। मैंने भी उन्हें हमेशा यही कहा है कि हम दोनों साथ हैं। हम छोटे-बड़े भाई हैं। सिर्फ हमारे दिल ही नहीं, हमारी आत्मा भी मिलती है।"

अपनी बात डटकर रखने वाले नेता हैं विक्रमादित्य

आरएस बाली ने विक्रमादित्य सिंह की कार्यशैली की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य हमेशा अपनी बात मजबूती से रखते हैं और जिस बात पर खड़े हो जाएं, उससे पीछे नहीं हटते।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 545 करोड़ की सड़क....एक मानसून भी न टिक पाई, पहली बारिश में ही धंसी

उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह की विरासत के बावजूद विक्रमादित्य सिंह ने अपनी अलग पहचान बनाई है और अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश की राजनीति में मजबूत स्थान हासिल किया है।

नगरोटा का प्यार वापस करता हूं

आरएस बाली ने कहा कि जीएस बाली की जयंती के अवसर पर विक्रमादित्य सिंह दूर से चलकर नगरोटा बगवां पहुंचे हैं, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य ने उन्हें जो स्नेह और सम्मान दिया है, नगरोटा बगवां की जनता भी उसी प्रेम के साथ उनका स्वागत करती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के शक्तिपीठ में सनसनी : श्री नयनादेवी मंदिर के पास तालाब में मिली देह, जांच जारी

अपने संबोधन के अंत में आरएस बाली ने कहा कि आने वाले समय में दोनों नेताओं को मिलकर प्रदेश के लिए बहुत लंबा सफर तय करना है और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। उनके इस बयान को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया, जिससे मंच पर दोनों नेताओं की एकजुटता का संदेश भी साफ नजर आया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख