#राजनीति
May 4, 2025
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रेस से बाहर हुए कुलदीप राठौर- साफ इनकार कर कही बड़ी बात
दिल्ली में सियासी सरगर्मी के बीच राठौर ने तोड़ी चुप्पी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर इन दिनों भारी हलचल मची हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में डटे हुए हैं। इस बीच कई नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं, जिनमें ठियोग से विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर का नाम भी चर्चा में है।
मीडिया से बात करते हुए राठौर ने साफ किया कि उनका प्रदेश अध्यक्ष बनने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी अध्यक्ष रह चुका हूं और संगठन को मजबूत किया है। वर्तमान में जो राष्ट्रीय जिम्मेदारी मुझे मिली है, मैं उससे संतुष्ट हूं। मैं किसी रेस में नहीं हूं और न ही इस बारे में किसी से कोई चर्चा की है।”
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ओलों ने बागवानों की मेहनत पर फेरा पानी, आज फिर आंधी-तूफान का अलर्ट जारी
राठौर ने धर्मशाला में HPTDC का मुख्यालय शिफ्ट करने के सरकार के फैसले पर भी सख्त ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि “1972 से शिमला में चल रहा यह कार्यालय प्रदेश की राजधानी में होना चाहिए। शिमला में सभी जिलों के लोग आते हैं, ऐसे में दफ्तर को हटाना तर्कसंगत नहीं है। अगर सरकार को धर्मशाला में सुविधाएं बढ़ानी हैं तो वहां क्षेत्रीय कार्यालय खोलें, लेकिन मुख्यालय शिफ्ट करना गलत है।” उन्होंने इस मामले को मुख्यमंत्री और निगम अध्यक्ष के सामने उठाने की बात भी कही।
यह भी पढ़ें : धर्मशाला में आज होगा IPL 2025 का पहला मुकाबला- होटल पैक, बारिश डाल सकती है खलल
कुलदीप सिंह राठौर इन दिनों गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में पार्टी कार्य का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक वे वहां पांच विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। राठौर ने कहा कि “गुजरात में कांग्रेस ने भले लंबे समय से सत्ता न देखी हो, लेकिन जमीनी कार्यकर्ता आज भी पूरी निष्ठा से पार्टी के साथ खड़े हैं। इस बार हम पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे।”