#राजनीति
February 12, 2025
हिमाचल: क्या शाह बदलेंगे सिकंदर का मुकद्दर, BJP अध्यक्ष की दौड़ में हैं शामिल, जानें
अमित शाह से मिले सिकंदर कुमार, BJP अध्यक्ष की दौड़ में है शामिल
शेयर करें:
नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश BJP में अध्यक्ष पद के लिए सियासी हलचल तेज़ हो गई है। दिल्ली चुनावों के नतीजों के बाद अब कभी भी BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है। इस बीच, राज्यसभा सांसद और BJP के वरिष्ठ नेता डॉ. सिकंदर कुमार की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात ने राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
डॉ. सिकंदर कुमार वर्तमान में BJP के महामंत्री हैं और प्रदेश के एक प्रमुख अर्थशास्त्री के तौर पर जाने जाते हैं, उनकी यह मुलाकात राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। वे प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति भी रह चुके हैं और उनकी नियुक्ति राज्यसभा सांसद के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने की थी। कुलपति पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सांसद का पद ग्रहण किया।
डॉ. सिकंदर कुमार का नाम लंबे समय से हिमाचल BJP के अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में रहा है। वर्ष 2023 में जब डॉ. राजीव बिंदल को दोबारा अध्यक्ष नियुक्त किया गया, तब भी डॉ. सिकंदर कुमार के नाम पर काफी चर्चाएं थीं। अब, जब भाजपा को नए अध्यक्ष की आवश्यकता है तब भी उनका नाम प्रमुख दावेदारों की सूची में शामिल है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से डॉ. सिकंदर कुमार की मुलाकात ने उनकी दावेदारी को और मजबूत किया है। इस मुलाकात को दोनों नेताओं ने विकास कार्यों के लिए धन मुहैया करवाने और दिल्ली चुनावों में भाजपा की जीत की बधाई देने के रूप में बताया है। हालांकि, राजनीति में संकेतों का बड़ा महत्व होता है और इस मुलाकात को भी कई लोग एक बड़े संकेत के रूप में देख रहे हैं, जो भविष्य में डॉ. सिकंदर कुमार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्थापित कर सकता है।
इसके अतिरिक्त, डॉ. सिकंदर कुमार का नाता CM सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन से है जो उनकी स्थानीय सियासत में मजबूत स्थिति को दर्शाता है। उनकी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी उन्हें एक प्रभावशाली उम्मीदवार बनाती है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हिमाचल प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा कब होती है और क्या डॉ. सिकंदर कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है या फिर किसी और नेता को यह पद सौंपा जाएगा क्योंकि बीजेपी के अध्यक्ष पद के लिए अभी 8 लोगों के नाम आगे है और हाईकमान किसे ये पद सौंपता है ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है।