#अपराध
August 25, 2026
हिमाचल : घर के बाहर टहल रही महिला की आंखों में फेंकी मिर्ची, गले से झपटी सोने की चेन और...
इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात पेश आई है। नगर परिषद देहरा क्षेत्र में सोमवार रात एक महिला के साथ कथित रूप से चेन छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले उसकी आंखों में कोई जलन पैदा करने वाला पदार्थ (मिर्ची) डाला। फिर उसके गले से सोने की चेन खींचने का प्रयास किया।
पीड़ित महिला के मुताबिक, वह रात का खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति उसके पास आया। महिला का आरोप है कि उस व्यक्ति ने उसकी आंखों की ओर कोई पदार्थ फेंका, जिससे उसकी आंखों में तेज जलन होने लगी।
महिला ने बताया कि आंखों में पदार्थ पड़ने के बाद उसे कुछ देर तक देखने में भी परेशानी हुई। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसकी आंखों में डाला गया पदार्थ मिर्च था या कोई अन्य जलन पैदा करने वाली चीज।
महिला के अनुसार, आंखों में पदार्थ डालने के बाद आरोपी ने उसके गले में पहनी सोने की चेन को खींच लिया। इस दौरान चेन पूरी तरह आरोपी के हाथ नहीं लगी और महिला की बाजू में फंस गई। घटना के दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर पहुंचे।
महिला के शोर मचाने और स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि उसने अंधेरे का फायदा उठाया और लोगों के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता देखी गई। रात के समय हुई इस वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मामले की जानकारी मिलने पर देहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली और आरोपी की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है।
ASP देहरा नवदीप कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि महिला की आंखों में किस प्रकार का पदार्थ डाला गया था और वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति कौन था। मामले की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।