#राजनीति
December 4, 2025
सुक्खू सरकार के खिलाफ गरजेगी BJP- धर्मशाला में आज शक्ति प्रदर्शन, शहर छावनी में तब्दील
बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और महिला सम्मान जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल की सियासत आज गर्म होने वाली है। विधानसभा सत्र के बीच आज BJP धर्मशाला में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने उतर गई है। रात से ही प्रदेशभर से लोग जोरावर स्टेडियम पहुंचने लगे हैं और पूरा शहर प्रशासनिक तैयारी व राजनीतिक तनाव के बीच जाग रहा है। बता दें कि BJP सरकार द्वारा मंडी में मनाए जा रहे तीन साल के जश्न से नाखुश है, जिसकी खिलाफत में आज धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में ये शक्ति प्रदर्शन होगा।
BJP की रैली को देखते हुए जोरावर स्टेडियम और विधानसभा परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शहर में जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं ताकि प्रदर्शनकारियों का विधानसभा की ओर बढ़ना रोका जा सके। हर मोड़, हर चौराहे पर पुलिस के जवान तैनात हैं। देर रात से ही भाजपा कार्यकर्ताओं के जत्थे धर्मशाला पहुंचने शुरू हो गए थे, जिससे शहर में राजनीतिक माहौल और भी तीखा हो गया है।
BJP प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग सरकार से नाराज है चाहे बेरोजगार हों, कर्मचारी, पेंशनर, किसान, मजदूर, महिलाएं या उद्योगपति। उनका आरोप है कि कानून-व्यवस्था बदहाल है और दिन दहाड़े गोलीकांड, मर्डर और रेप बढ़ रहे हैं। इसीलिए आज का प्रदर्शन कांग्रेस सरकार के कुशासन और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ रखा गया है।BJP ने इस मौके पर नारा दिया है - व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार।
डॉ. बिंदल का दावा है कि सरकार 28 लाख महिलाओं के 36 महीनों के 1500-1500 रुपये बकाया किए बैठी है। इसी तरह कर्मचारियों और पेंशनरों को भी लगभग 10 हजार करोड़ रुपये देने बाकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बीजेपी का प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन अगर सरकार ने हस्तक्षेप किया तो उसका पूरा जिम्मा सरकार को उठाना होगा।
BJP ने धर्मशाला में हुए ABVP प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज की भी कड़ी आलोचना की है। बिंदल ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है और सरकार युवाओं की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने साफ कहा कि इस कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि 2 दिन पहले हुए ABVP के प्रदर्शन में पुलिस द्वारा चलाई गई लाठीचार्ज में 12 कार्यकर्ता घायल हुए थे।
BJP महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश को कर्ज में डुबो चुकी है। हजारों करोड़ के विकास प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में पड़े हैं। लीकर पॉलिसी पूरी तरह असफल रही है और आपदा प्रभावित अब भी सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं। कटवाल ने दावा किया कि BJP का यह प्रदर्शन हिमाचल की जनता का असंतोष सामने लाएगा।