#राजनीति

April 17, 2026

सीएम सुक्खू बंगाल में करेंगे चुनाव प्रचार, जयराम बोले- पहले बिहार गए थे..वहां बोलेरो में फिट हुई कांग्रेस

सीएम सुक्खू आज शिमला से दिल्ली हुए रवाना, कल कोलकाता जाएंगे

शेयर करें:

CM Sukhu kolkata

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुनावी रणनीतिकार की भूमिका में सक्रिय हो गए हैं। आज दोपहर बाद मुख्यमंत्री शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार वे शनिवार सुबह दिल्ली से पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का रुख करेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने सुक्खू को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए स्टार प्रचारक के रूप में मैदान में उतारा है] जिसके चलते उनका यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में सुक्खू की अग्निपरीक्षा

कोलकाता पहुंचकर मुख्यमंत्री कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए धुआंधार प्रचार करेंगे। वे विभिन्न चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएंगे। शनिवार की रात का विश्राम कोलकाता में ही प्रस्तावित है़ हालांकि उनकी वापसी की समय-सीमा अभी स्पष्ट नहीं की गई है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि सुक्खू का अनुभव पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

 

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर CM सुक्खू का मास्टरस्ट्रोक: कार्यकर्ताओं को दिया फ्री हैंड; नहीं होगा कोई पार्टी बंधन

जयराम ठाकुर का तंज

मुख्यमंत्री के पश्चिम बंगाल दौरे की घोषणा होते ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू के दौरे पर तीखे कटाक्ष किए हैं। जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का बंगाल जाना भारतीय जनता पार्टी के लिए एक सुखद समाचार है़ क्योंकि जहां-जहां सुक्खू प्रचार करने गए हैं़ वहां कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है।

बोलेरो में फिट हो गए कांग्रेस विधायक

जयराम ठाकुर ने अपनी बात को पुष्ट करने के लिए पिछले चुनावी परिणामों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सुक्खू बिहार चुनाव में भी गए थे, जहां परिणाम यह रहा कि कांग्रेस का पूरा विधायक दल एक बोलेरो गाड़ी में समा गया। राजस्थान में भी उन्होंने प्रचार किया था, वहां भी कांग्रेस को बुरी तरह पराजय मिली।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 3 दागी प्रोफसरों पर गिरी गाज, कॉलेज छात्राओं से नीचता करने पर नौकरी से किए बर्खास्त

असम में गारंटी का झूठ

नेता प्रतिपक्ष ने सीएम पर झूठ की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। असम दौरे का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वहां मुख्यमंत्री ने यह झूठ बोला कि हिमाचल में कांग्रेस ने अपनी सभी दस गारंटियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू ने वहां दावा किया कि महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये मिल रहे हैं और पांच लाख युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है, जो कि धरातल पर पूरी तरह असत्य है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

मुख्यमंत्री सुक्खू का यह दौरा कांग्रेस के लिए अपनी राष्ट्रीय छवि को मजबूत करने का प्रयास है, लेकिन भाजपा इसे एक अवसर के रूप में देख रही है। जयराम ठाकुर के इन हमलों ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में हिमाचल की राजनीति इन चुनावी दौरों के इर्द-गिर्द और अधिक तीखी होने वाली है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री का यह 'पश्चिम बंगाल मिशन' कांग्रेस को कोई संजीवनी देता है या फिर विपक्ष के आरोपों को और बल प्रदान करता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख