#राजनीति
February 8, 2025
"पूरे हिमाचल में भुगतान बंद- काम बंद, सिर्फ चल रहा है सरकार का झूठ"
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुख की सरकार में व्यवस्था परिवर्तन के नमूनों की भरमार है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने सुक्खू सरकार को झूठी सरकार करार देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश में जनहित के सभी काम रुक गए हैं और सरकार का एकमात्र इलाज झूठ है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने CM सुक्खू पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि सरकार के पास समस्याओं का समाधान करने की क्षमता नहीं है। प्रदेश में जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं और लोग जिन असुविधाओं का सामना कर रहे हैं, उन सभी पर विपक्ष और प्रभावितों द्वारा आवाज उठाई जा रही है, लेकिन सरकार ने हर बार उसे नकारा है। सरकार का एकमात्र इलाज ऑल इज वेल है, जबकि स्थिति इससे बिल्कुल उलट है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की पेमेंट पूरी तरह से रुकी हुई है और इसका असर सीधे तौर पर विकास कार्यों पर पड़ रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मेडिकल डिवाइसेज पार्क जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का काम एक महीने से रुका हुआ है, क्योंकि इसकी पेमेंट नहीं हो पा रही।
जयराम ठाकुर ने मेडिकल डिवाइसेज पार्क को लेकर कहा कि उनकी सरकार का ये एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट था। उन्होंने बताया कि यह पार्क प्रदेश के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। मगर इस सरकार में उस प्रोजेक्ट के लिए सरकार द्वारा मेहनत नहीं की गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने CM सुक्खू और उनकी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे हमेशा आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की बात करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने वाले प्रोजेक्ट्स को लटकाकर हिमाचल कैसे आत्मनिर्भर बन सकता है?