#राजनीति

August 4, 2026

मानसून सत्र से पहले हिमाचल BJP का बड़ा प्लान: आज बनेगी सुक्खू सरकार को घेरने की रणनीति

भाजपा पहले ही अगस्त में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा कर चुकी है

शेयर करें:

BJP Himachal Jairam Thakur Rajeev Bindal Randhir Sharma Congress Government Vidhan Sabha Session

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आज शिमला में विधायक दल की अहम बैठक करने जा रही है, जिसमें विधानसभा के भीतर और सड़क पर कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही प्रदेशव्यापी आंदोलन की तारीखों का भी ऐलान हो सकता है।

जयराम ठाकुर करेंगे बैठक की अध्यक्षता

विधानसभा के मानसून सत्र से पहले भाजपा ने आज शाम शिमला के होटल मरीना में विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल समेत सभी पार्टी विधायक इसमें शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पतालों में अब लोकेशन ट्रैक कर लगेगी डॉक्टरों की हाजिरी, गायब हुए तो होगा एक्शन

सरकार को घेरने की बनेगी रणनीति

बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरा जाएगा, इस पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा अगस्त माह में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी जनआंदोलन की रूपरेखा और कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

इन मुद्दों पर होगा मंथन

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याएं, किसानों और बागवानों की परेशानियां, बंद किए गए सरकारी संस्थान, महंगाई और सरकार की नीतियों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्टी इन सभी विषयों को विधानसभा के भीतर और जनता के बीच प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले 6 दिन बारिश, तीन जिलों में अलर्ट जारी; नदी-नालों से रहे दूर

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास और सुशासन के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुनिंदा कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

जनआंदोलन का हो सकता है ऐलान

भाजपा पहले ही अगस्त महीने में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा कर चुकी है। माना जा रहा है कि आज की बैठक में धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियानों की तारीखों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, हिमाचल के स्कूल-कॉलेजों में 15 अगस्त की छुट्टी रद्द; जानें कारण

शोघी पहुंचेगी जनजागरण रथ यात्रा

इसी क्रम में भाजपा की जनजागरण रथ यात्रा भी मंगलवार को शिमला के शोघी पहुंचेगी। पार्टी इस अभियान के जरिए कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख