#राजनीति
April 29, 2025
'कांग्रेस पाकिस्तान के सुर में सुर मिला रही'- मंत्री के बयान पर भड़के BJP विधायक जमवाल
जगत नेगी के बयान पर भड़के जमवाल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पहलगाम अटैक के बाद कांग्रेस और बीजेपी में खींचतान जारी है। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत नेगी के हालिया बयान से एक बार फिर साफ हो गया है कि कांग्रेस नेताओं को न तो राष्ट्रहित की समझ है, न ही भारत की सुरक्षा नीति का सम्मान। जगत नेगी ने पाकिस्तान के लोगों को वापस भेजने और पानी रोकने को 'कोई बड़ी बात नहीं' करार दिया था, जिस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
जमवाल ने कहा कि जगत नेगी का बयान सीधे-सीधे पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने जैसा है। यह न केवल देश के स्वाभिमान पर चोट है, बल्कि कांग्रेस की पाकिस्तान परस्ती मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस में थोड़ी भी देशभक्ति होती, तो ऐसे मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया जाता। लेकिन कांग्रेस अब खुलकर अपनी 'नापाक सोच' दिखाने से भी नहीं हिचक रही।
राकेश जमवाल ने याद दिलाया कि यही कांग्रेस थी, जिसने 26/11 मुंबई हमलों के बाद भी पाकिस्तान को 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा देने का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम कोई नया नहीं है, बल्कि पुराना इतिहास है। आज भी वही सोच पार्टी में हावी है, जो देश की सुरक्षा से बड़ा 'राजनीतिक लाभ' मानती है।
जमवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने हर स्तर पर पाकिस्तान को घेरा है और उसकी साजिशों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। जगत नेगी का यह कहना कि 'मोदी सिर्फ बातें करते हैं, परिणाम नहीं दिखते' हमारी सेना और सुरक्षाबलों के शौर्य का सीधा अपमान है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या उनमें आज भी कोई राष्ट्रभक्त बचा है, जो जगत नेगी के इस 'देशद्रोही' बयान पर कार्रवाई करे।
यही नहीं जमवाल ने कहा कि अब कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। देश की जनता ऐसे बयानों को माफ नहीं करेगी और इसका जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।