#राजनीति
April 13, 2026
सुक्खू सरकार पर बरसे अनुराग ठाकुर, बोले- कांग्रेस ने बिगाड़ी देवभूमि की कानून व्यवस्था
प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद
शेयर करें:

शिमला। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से सामने आए 19 वर्षीय छात्रा की कॉलेज जाते समय गला रेतकर हत्या की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और यह स्थिति सरकार की विफलता को दर्शाती है।
दरअसल, जिला मंडी के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की कॉलेज जाते समय गला रेतकर हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल भयावह हैं, बल्कि समाज में असुरक्षा की भावना भी पैदा कर रही हैं, खासकर महिलाओं और छात्राओं के बीच।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उनके अनुसार, बीते तीन वर्षों में हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और नशा तस्करी जैसे मामलों में लगातार वृद्धि हुई है, जो चिंताजनक है।
अनुराग ठाकुर ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले तीन सालों में प्रदेश में कुल 5947 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें हत्या के 270, दुष्कर्म के 1000 से अधिक और अपहरण के 1500 से ज्यादा मामले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि औसतन हर साल दो हजार से अधिक अपराध दर्ज होना राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
इसके अलावा उन्होंने ऊना में हुई गोलीबारी, सोलन में सरेआम फायरिंग और चिंतपूर्णी में हुए उपद्रव जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इन घटनाओं के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। साथ ही उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल और सख्त कदम उठाने की मांग की।