#राजनीति
December 13, 2025
अनुराग बोले: सुक्खू सरकार ने 3 साल में सिर्फ जनता को लूटा, मौज मस्ती में गुजार दिया समय
आर्थिक सेहत को संभालने में फेल सुक्खू सरकार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम में आज भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत से लेकर विकास कार्यों तक हर मोर्चे पर हिमाचल प्रदेश का पूरा सहयोग किया, लेकिन सुक्खू सरकार ने पिछले तीन साल मौज-मस्ती और राजनीति में बर्बाद कर दिए।
राजधानी शिमला में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पार्टी मुख्यलाय का शिलान्यास करने हिमाचल पहुंचे थे इस दौरान मंच से अपने संबोधन में सांसद अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए न तो जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया और न ही प्रदेश की आर्थिक सेहत को संभालने की कोई ठोस पहल की।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस MLA RS Bali के गढ़ में पहुंची ED, एक साथ दो जगह दी दबिश; मचा हड़कंप
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने बिहार में ऐतिहासिक और बंपर जीत दर्ज की है। यह जीत केवल एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में भाजपा की नीतियों, सुशासन और विकास मॉडल पर जनता के बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बिहार के जनादेश ने साफ कर दिया है कि लोग मजबूत नेतृत्व और ईमानदार शासन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
केंद्र सरकार के योगदान का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। विशेष राज्य का दर्जा बनाए रखने से लेकर प्रदेश को चार नए मेडिकल कॉलेज देने तक, केंद्र सरकार ने हर स्तर पर हिमाचल का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि ये सभी फैसले भाजपा सरकार की हिमाचल के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में होने जा रही है शिक्षकों की भारी कमी: एक साथ रिटायर हो रहे 1600 अध्यापक
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल के शासन में प्रदेश पर कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों पर भारी दबाव डालेगा। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियां विकास पर नहीं, बल्कि जनता से खुली लूट पर आधारित रहीं। भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और वित्तीय कुप्रबंधन ही मौजूदा सरकार की पहचान बन गए हैं।
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के इस कुशासन को भली-भांति समझ चुकी है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा के सुशासन, पारदर्शिता और विकास के मॉडल को अपनाने का मन बना चुकी है। अनुराग ठाकुर ने भरोसा जताया कि प्रदेश में फिर से भाजपा की मजबूत और जवाबदेह सरकार बनेगी, जो हिमाचल को विकास की नई दिशा देगी।