#विविध
September 19, 2026
हिमाचल में महिला और 16 साल की लड़की लापता, तीन दिन से तलाश में भटक रहे परिजन
परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां सुंदरनगर उपमंडल में घर से एक महिला और 16 साल की लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। दोनों के ऐसे अचानक लापता होने से परिजन काफी परेशान हैं और उनके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
दोनों घटनाओं को लेकर सुंदरनगर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दोनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा।
पहला मामला मंगलाह क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 16 वर्ष 8 माह की नाबालिगा बीती 16 सितंबर, बधुवार की रात अपने घर से लापता हो गई। परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश करने का प्रयास किया। मगर जब उसका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
नाबालिगा के पिता ने पुलिस से बेटी को जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उसके परिचितों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिगा किन परिस्थितियों में घर से बाहर गई और उसके बाद वह कहां गई।
दूसरा मामला अम्बेदकर नगर क्षेत्र का है। यहां एक महिला के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत सामने आई है। परिजनों के अनुसार महिला भी 16 सितंबर को शाम करीब 3:45 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।
काफी समय तक इंतजार करने और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद सुंदरनगर थाना में महिला की गुमशुदगी को लेकर मामला दर्ज किया गया। पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है और उसके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
दोनों मामलों में पुलिस अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ लापता नाबालिगा और महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
SP विनोद कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और दोनों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उधर, तीन दिन बीत जाने के बाद भी लापता महिला और लड़की का कुछ अता-पता नहीं चल पा रहा है। जिसके कारण परिजनों की चिंता दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।