#विविध
May 29, 2026
हिमाचल में तूफान का अलर्ट- कई जिलों में खतरे की घंटी, जमकर होगी बारिश और ओलावृष्टि
हिमाचल में मौसम का बदलेगा मिजाज, आज-कल बारिश और ओलावृष्टि के आसार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आज और कल मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। शुक्रवार सुबह से ही कई क्षेत्रों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे तापमान में कुछ गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी ओलावृष्टि, गरज-चमक और तेज तूफान की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। फलों, सब्जियों और अन्य फसलों पर मौसम की मार पड़ने की आशंका जताई गई है। ऐसे में किसानों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का प्रभाव 31 मई के बाद कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन 2 जून तक कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के 11 शहरों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी शिमला का तापमान भी सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक होकर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम में बदलाव से न केवल स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि प्रदेश में घूमने पहुंचे पर्यटक भी सुहावने मौसम का आनंद उठा सकेंगे। अगले 72 घंटों के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और खुशनुमा बने रहने की संभावना है।