#राजनीति

May 28, 2026

हिमाचल पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 75.98 प्रतिशत मतदान, अब परिणामों पर टिकी सबकी नजरें

हिमाचल पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में बुजुर्गो ने भी बढ़ाया उत्साह

शेयर करें:

himachal voting

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के दौरान गुरुवार को लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह सात बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कई मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में मतदान को लेकर खास उत्साह नजर आया।

 

प्रदेशभर की 1276 पंचायतों में हुए मतदान के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न होते ही अब मतगणना का दौर भी शुरू हो चुका है। थोड़ी ही देर में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों के परिणाम सामने आने शुरू हो जाएंगे।

दूसरे चरण में हुआ जोरदार मतदान

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेशभर में रिकॉर्डतोड़ मतदान दर्ज किया गया। दोपहर तीन बजे तक लगभग 75.98 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनावों में करीब 17 लाख 30 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने 17 साल की लड़की को धमकाया, जबरन दर्ज किए बयान- अफसर समेत चार सस्पेंड

मतदान समाप्त होते ही विभिन्न पंचायतों में मतपेटियां खोलकर मतगणना शुरू कर दी गई। देर रात तक हजारों वार्ड पंच, प्रधान और उपप्रधान पदों के उम्मीदवारों की जीत-हार का फैसला हो जाएगा। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए डाले गए मतों की गिनती 31 मई को की जाएगी।

 

तीन बजे तक किस जिला में कितने प्रतिशत हुआ मतदान

 

महिलाओं ने फिर दिखाई मजबूत भागीदारी

इस बार पंचायत चुनावों में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। प्रदेश में महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और कई जिलों में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया। आंकड़ों के अनुसार महिला मतदान प्रतिशत लगभग 79.06 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.96 प्रतिशत रहा। यह दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अब लोकतंत्र और विकास के मुद्दों को लेकर पहले से अधिक जागरूक हो चुकी हैं।

बुजुर्ग मतदाताओं ने बढ़ाया उत्साह

पंचायत चुनाव के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह भी लोगों के लिए प्रेरणा बना रहा। हमीरपुर जिला के सुजानपुर क्षेत्र की दशमल पंचायत के 116 वर्षीय खड़कू राम मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं मंडी जिला की 107 वर्षीय वरिष्ठ मतदाता बाला देई ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था दिखाई। इन बुजुर्ग मतदाताओं के उत्साह ने युवाओं और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : नई-नवेली दुल्हन बनी प्रधान, एक महीना पहले ही हुई थी शादी

सिरमौर जिला रहा सबसे आगे

जिलावार मतदान आंकड़ों में सिरमौर जिला सबसे आगे रहा, जहां सबसे अधिक 84.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा कुल्लू में 82.90 प्रतिशत और सोलन में 80.11 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान चंबा जिला में दर्ज किया गया।

अब परिणामों पर टिकी सबकी नजरें

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उम्मीदवारों और समर्थकों की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं। प्रदेशभर में पंचायत घरों और मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। कुछ ही घंटों में गांवों की सरकार बनाने वाले नए प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंचों के नाम सामने आने लगेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख