#विविध
August 17, 2025
हिमाचल : रात को बेटी का मनाया बर्थडे, सुबह मां को लाडली के मुंह के पास बैठा मिला सांप
दादी के साथ रो रही थी बच्चे, बिस्तर में घुसा सांप
शेयर करें:

कांगड़ा। कहते हैं कि मां अपने बच्चे के लिए हर हद पार कर जाती है, खुद दर्द सहकर भी, उसकी मुस्कान बचा लाती है। ऐसी ही एक घटना हिमाचल प्रदेश के छोटे से गांव से सामने आई है- जहां एक मां ने हिम्मत और समझदारी से अपनी मासूम बेटी की जान बचाई है।
मामला कांगड़ा जिले के आलमपुर की जांगल पंचायत से सामने आया है। यहां पर एक मां ने जहरीले सांप से अपनी मासूम बच्ची को बचाया है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि कल यानी 16 अगस्त को जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मासूम मुस्कान का जन्मदिन था। शाम को जन्मदिन मनाने के बाद रात को मुस्कान अपनी दादी के साथ सोने चली गई।
आज सुबह मुस्कान की मां ऊषा उसे जगाने गई तो कमरे में जाते ही उसके होश उड़ गए। ऊषा ने देखा कि मुस्कान आराम से बेड पर सो रही थी और उसके चेहरे से महज 2-3 इंच की दूरी पर करीब 4 फुट लंबा सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ था।
ऊषा पहले तो सांप को देखकर डर गई, लेकिन अपनी बेटी के लिए उसने हिम्मत रखी। उसने किसी तरह चालाकी से बिना समय गंवाए मुस्कान को तुरंत पैरों से पकड़कर पीछे की तरफ खींच लिया।
उधर, बिस्तर में हलचल होती देख सांप बिस्तर के अंदर छिप गया। इसके बाद ऊषा ने तुरंत इस बाबत अन्य परिजनों को सूचित किया। फिर परिजनों द्वारा स्नेकमैन माथुर धीमान को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही माथुर धीमान ने मौके पर पहुंचकर सांप को कमरे से सुरक्षित रेस्क्यू किया।
माथुर ने बताया कि ये सांप जहरीला नहीं था। यह एक पानी वाला सांप था। मगर ये सांप एकदम झटके से डसता है- जिससे आदमी डर जाता है। उन्होंने बताया कि सांप को वापस जंगल में छोड़ दिया गया है। हालांकि, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि हिमाचल में इन दिनों बरसात का मौसम चल रहा है। ऐसे में सांप-बिच्छू आदि समेत कई जहीरले कीड़े भी एक्टिव हो गए हैं। हिमाचल में अब तक सांप के डसने से करीब 15 लोगों की जान चली गई है। ज्यादातर मामलों में सांपों ने घरों में सो रहे लोगों पर हमला किया है।