#विविध
July 24, 2026
हिमाचल : ढाबा संचालक ने पेश की ईमानदारी की मिसाल- बस सवारी को लौटाए 7 लाख के गहने
भोजनालय के संचालक-कर्मचारियों की हर ओर सराहना
शेयर करें:

शिमला। आज के दौर में जहां छोटी-छोटी चीजों के खो जाने पर उन्हें वापस मिलने की उम्मीद कम ही रहती है। वहीं,क शिमला जिले के कुमारसेन उपमंडल के जाबली स्थित शिव शक्ति भोजनालय के संचालक और उनके स्टाफ ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
भोजनालय के कर्मचारियों को सफाई के दौरान करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण मिले। जिन्हें उन्होंने बिना किसी लालच के सुरक्षित संभालकर उनके असली मालिक तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति बुधवार को रामपुर से HRTC बस के माध्यम से अपने घर लौट रहा था। सफर के दौरान बस निर्धारित समय पर जाबली स्थित शिव शक्ति भोजनालय पर भोजन के लिए रुकी।
इस दौरान यात्री अपने साथ रखा एक पैकेट संभाल नहीं पाया और उसमें रखे सोने के आभूषण अनजाने में भोजनालय परिसर में ही गिर गए। बस आगे रवाना हो गई और यात्री को काफी देर तक इस बात का पता ही नहीं चला कि उसके कीमती आभूषण पीछे छूट चुके हैं।
दूसरी ओर, बस के रवाना होने के बाद भोजनालय में नियमित सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर जमीन पर पड़े एक पैकेट पर पड़ी। जब उसे खोलकर देखा गया तो उसमें सोने के कीमती आभूषण मिले।
कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना भोजनालय संचालक को दी। संचालक ने आभूषणों को पूरी सुरक्षा के साथ अपने पास रख लिया ताकि सही मालिक की पहचान होने पर उन्हें लौटाया जा सके। इधर, कुछ समय बाद जब चंडीगढ़ निवासी यात्री को अपने आभूषण गायब होने का एहसास हुआ तो उसकी चिंता बढ़ गई।
उसने तुरंत उस बस के कंडक्टर से संपर्क किया, जिसमें वह यात्रा कर रहा था और पूरी घटना की जानकारी दी। कंडक्टर ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना समय गंवाए जाबली स्थित शिव शक्ति भोजनालय के संचालक से संपर्क किया।
बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि भोजनालय के कर्मचारियों को वही आभूषण मिल चुके हैं। इसके बाद भोजनालय संचालक और उनके स्टाफ ने पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए आभूषण सुरक्षित अपने पास रखे।
गुरुवार सुबह उन्होंने बस में यात्रा कर रहे यात्रियों की मौजूदगी में सभी आभूषण संबंधित बस के कंडक्टर को सौंप दिए। कंडक्टर अब चंडीगढ़ पहुंचकर सभी आभूषण उनके वास्तविक मालिक को सौंपेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों ने शिव शक्ति भोजनालय के संचालक और वहां कार्यरत कर्मचारियों की जमकर सराहना की।
लोगों का कहना है कि आज के समय में इतनी बड़ी कीमत के आभूषण मिलने के बावजूद उन्हें बिना किसी स्वार्थ के वापस करना समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। यह घटना साबित करती है कि ईमानदारी और मानवता आज भी जीवित है तथा ऐसे लोग समाज के लिए मिसाल बनते हैं।
क्षेत्र के लोगों ने भोजनालय संचालक और स्टाफ के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में विश्वास और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उनकी ईमानदारी ने न केवल एक परिवार की बड़ी चिंता दूर की, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी गर्व से ऊंचा किया।