#विविध
August 17, 2026
हिमाचल: आधी रात घर से गायब हुआ 29 वर्षीय अक्षय, 5 दिन से खोज जारी- बहन ने मांगी मदद
अक्षय के अचानक लापता होने से परिवार चिंतित है।
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र से एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। अक्षय कटोच नाम का युवक 13 अगस्त 2026 की रात से लापता बताया जा रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार, अक्षय कटोच उम्र 29 साल गांव अरपू, डाकघर किर्टी, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला का रहने वाला है। परिजनों के मुताबिक, 13 अगस्त की रात के बाद से अक्षय का पता नहीं चल पाया है। इसके बाद परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की और लोगों से भी मदद की अपील की है।

लापता युवक की पहचान के लिए जारी सूचना के अनुसार, अक्षय कटोच को आखिरी बार काले रंग की शर्ट, सफेद पैंट और बैग के साथ देखा गया था। उसकी तस्वीर भी लोगों के बीच साझा की जा रही है, ताकि यदि किसी व्यक्ति ने उसे कहीं देखा हो तो परिवार तक जानकारी पहुंचाई जा सके।

परिजनों ने लोगों से अपील की है कि अक्षय के बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत संपर्क करें। सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की गई है, ताकि युवक को जल्द तलाशने में मदद मिल सके।
परिजनों का कहना है कि अक्षय को आखिरी बार जाबली के आसपास देखा गया है। जिसके बाद पूरा परिवार उसे खोजने के लिए चंडीगढ़ निकला है। बताया जा रहा है कि इससे पहले शिमला से शोघी मार्ग पर एक टैंपो चालक से अक्षय ने लिफ्ट भी ली थी। वहीं, कार चालक द्वारा पहचान लिए जाने पर अक्षय जाबली के पास उस टैंपो से उतर गए। हालांकि कार चालक द्वारा परिजनों को इस बात की सूचना दे दी गई थी।

वहीं उनकी छोटी बहन का कहना है कि अक्षय घर से फोन नहीं लेकर गया है और न ही कैश लेकर गए है। ऐसे में परिवारजनों को उनकी ज्यादा चिंता सता रही है। बहन ने बताया कि उनका भाई काफी हंसमुख था और उसे किसी भी तरह की कोई चिंता नहीं सता रही थी। हालांकि उन्होंने ये भी बताया कि उनके भाई का भक्ति की ओर ज्यादा लगाव था और परिवार को शक है कि वह कहीं घर बार छोड़ आध्यात्मिक रास्ते पर न चला गया हो।
अक्षय के अचानक लापता होने से परिवार चिंतित है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर भी उसकी तलाश की जा रही है। परिवार की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को अक्षय कटोच कहीं दिखाई देता है या उसके संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत 8091719008 नंबर पर संपर्क करे।

अक्षय की तलाश में सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी उसकी तस्वीर और जानकारी साझा की जा रही है। परिवार को उम्मीद है कि लोगों की मदद से जल्द ही उसके बारे में कोई जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल युवक के लापता होने की परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार और स्थानीय लोग अक्षय की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।