#विविध
March 8, 2026
महिलाओं को सरकारी नौकरी में मिलेगा 25 % कोटा, CM सुक्खू ने महिला दिवस पर की 3 बड़ी घोषणाएं
पुलिस में महिलाओं की विशेष भर्ती, सम्मान राशि को किया दोगुना
शेयर करें:

नाहन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश की महिलाओं को तीन बड़े तोहफे दिए। नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 25 प्रतिशत कोटा आरक्षित करने, हिमाचल पुलिस में महिला सब इंस्पेक्टर की विशेष भर्ती करने और महिला सम्मान राशि को दोगुना करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है] इसलिए हर योजना में महिलाओं को केंद्र में रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में सरकारी विभागों में क्लास तीन श्रेणी की नौकरियों में महिलाओं को 25 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रावधान भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक महिलाएं सरकारी सेवाओं में भागीदारी कर सकेंगी और प्रशासनिक व्यवस्था में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: EMT कर्मी ने 108 एंबुलेंस में ही कर दी महिला से नीचता, देवरानी के साथ जा रही थी अस्पताल
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से हिमाचल पुलिस में महिला सब इंस्पेक्टर की विशेष भर्ती भी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में पहले से ही महिलाओं को आरक्षण दिया जा रहा है] लेकिन अब विशेष भर्ती के माध्यम से और अधिक महिलाओं को अवसर मिलेगा। इससे कानून व्यवस्था के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से दी जाने वाली महिला सम्मान राशि को बढ़ाने की भी घोषणा की। पहले यह राशि एक लाख रुपये थी] जिसे अब बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे अपने जीवन को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पिता के कंधों पर बेटों की अर्थियां, HRTC बस-बाइक टक्कर में बुझ गए दो घरों के चिराग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में महिलाएं प्रशासनिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। प्रदेश के 12 जिलों में से तीन जिलों सिरमौर, हमीरपुर और लाहौल-स्पीति—की उपायुक्त महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति जिले में तो उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त उपायुक्त जैसे प्रमुख पदों पर भी महिला अधिकारी कार्यरत हैं, जो महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व का उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीजी कॉलेज नाहन में अगले शैक्षणिक सत्र से नई स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की। इनमें भूविज्ञान, प्रबंधन और इतिहास विषयों की पढ़ाई शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने नाहन मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि नए स्थान पर चिन्हित भूमि पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।