#अपराध
March 8, 2026
हिमाचल: EMT कर्मी ने 108 एंबुलेंस में ही कर दी महिला से नीचता, देवरानी के साथ जा रही थी अस्पताल
पुलिस ने हिरासत में लिया 27 वर्षीय ईएमटी कर्मचारी, चल रही मामले की जांच
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़ी एक शर्मनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक महिला ने 108 एंबुलेंस में उसके साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह आरोप एंबुलेंस कर्मचारी पर ही लगे हैं। इस घटना ने लोगों के लिए जीवनदायिनी बन चुकी 108 एंबुलेंस सेवा पर भी दाग लगा दिया है। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्कार कार्रवाई करते हुए आरोपी एंबुलेंस कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह मामला हिमाचल के सोलन जिला से सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस में तैनात ईएमटी कर्मचारी ने उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और हैरानी का माहौल है, क्योंकि जिस सेवा को लोग मुश्किल समय में भरोसे के साथ बुलाते हैं, उसी में इस तरह का व्यवहार सामने आना गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पिता के कंधों पर बेटों की अर्थियां, HRTC बस-बाइक टक्कर में बुझ गए दो घरों के चिराग
पुलिस को सौंपी शिकायत में 30 वर्षीय महिला ने बताया कि उन्होंने108 सेवा के माध्यम से एंबुलेंस बुलाई थी। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो चालक ने फोन कर पूछा कि क्या वह अकेली जाएगी। महिला ने बताया कि उसके साथ उसकी जेठानी भी अस्पताल जाएगी। इसके बाद महिला अपने छोटे बेटे और जेठानी के साथ एंबुलेंस में बैठकर अस्पताल के लिए रवाना हो गई।
महिला का आरोप है कि रास्ते में एंबुलेंस में तैनात आपात चिकित्सा कर्मचारी ईएमटी ने उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ की। जब दोनों महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपशब्द कहे। अचानक हुई इस घटना से दोनों महिलाएं घबरा गईं और उन्होंने किसी तरह अस्पताल पहुंचकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
पीड़िता के अनुसार अस्पताल पहुंचने के बाद उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। जब उसका पति मौके पर पहुंचा और आरोपी से जवाब मांगा तो उसने उसके साथ भी दुर्व्यवहार किया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने के बाद महिला थाना सोलन में मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब तुरंत बुक नहीं होगा गैस सिलेंडर : 25 दिन करना पड़ेगा इतंजार, जानें क्यों
जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिमला से हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान दिव्यांश (27) पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी गांव बटेहरडा, तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले लगभग छह महीनों से 108 एंबुलेंस सेवा में आपात चिकित्सा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
घटना के समय उसकी ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक की थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की परिस्थितियों और तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।