#विविध

August 29, 2026

नेपाल की बाढ़ में सुरक्षित मिला हिमाचल का सलमान खान, फोन पर मां से कहा- ‘मैं सुरक्षित हूं’

परिवार की जिम्मेदारी सलमान के कंधों पर

शेयर करें:

Nepal Flood himachal one man

चंबा। नेपाल में आई बाढ़ और आपदा की खबरों के बीच हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के सलूणी क्षेत्र के एक परिवार की चिंता उस समय दूर हुई, जब नेपाल में काम कर रहे उनके बेटे ने गुरुवार रात करीब नौ बजे व्हाट्सऐप कॉल की। बेटे की आवाज सुनते ही मां और पत्नी ने राहत की सांस ली।

बुधवार से नहीं हो पा रहा था संपर्क

सलूणी की ग्राम पंचायत किलोड़ के त्रिभोल गांव का रहने वाला सलमान खान उर्फ जानू पिछले चार साल से नेपाल में एक निजी जलविद्युत परियोजना में काम कर रहा है। वह वहां टरबाइन फिटिंग का काम करता है। नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही की खबरें देखकर सलमान का परिवार काफी डर गया था।

 

यह भी पढ़ें:  पतंग उड़ाते समय सीढ़ियों से खड़े सरिया पर गिरा युवक, पेट में घुसा- मची चीख-पुकार

 

बुधवार से गुरुवार रात तक सलमान से परिवार की बात नहीं हो पाई थी। ऐसे में मां फकीजा बेगम और पत्नी बेबी को हर समय उसकी चिंता सता रही थी। परिवार को डर था कि कहीं सलमान भी इस आपदा की चपेट में न आ गया हो। इसी बीच गुरुवार रात सलमान का व्हाट्सऐप कॉल आया और उसने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। 

‘मां मैं सुरक्षित हूं’, बेटे की आवाज सुनकर दूर हुई चिंता

सलमान ने फोन पर अपनी मां से कहा कि वह सुरक्षित है। उसने बताया कि जिस समय नेपाल में बाढ़ और आपदा की स्थिति बनी, उस दौरान वह दूसरी नदी पर बन रही एक सुरंग के अंदर अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: पैरापिट तोड़ ब्यास नदी में गिरी सब्जियों से भरी बोलेरो, चालक का कोई सुराग नहीं

 

सुरंग के अंदर होने के कारण उन्हें बाहर हुई तबाही की जानकारी तुरंत नहीं मिल पाई। काम खत्म होने के बाद जब वे सुरंग से बाहर निकले, तब उन्हें आसपास हुई तबाही के बारे में पता चला।

आपदा वाली जगह से करीब 150 किलोमीटर दूर था सलमान

सलमान ने परिवार को बताया कि जिस जगह आपदा आई है, वह उस जगह से करीब 150 किलोमीटर दूर है जहां वह काम कर रहा है। उसने यह भी बताया कि नेपाल में कई पुराने और नए बिजली प्रोजेक्ट बाढ़ की चपेट में आकर बह गए हैं। उसकी बात सुनने के बाद परिवार को काफी राहत मिली और मां फकीजा बेगम की चिंता दूर हुई।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: आज कई इलाकों में बरसेंगे मेघ- 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट

चार साल से नेपाल में कर रहा है काम

सलमान पिछले करीब चार वर्षों से नेपाल में रहकर काम कर रहा है। परिवार के अनुसार वह साल में लगभग दो महीने के लिए घर आता है और बाकी समय नेपाल में ही रहता है। सलमान के चाचा ताजदीन खान ने बताया कि सलमान के पिता यूनिस मोहम्मद का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी 55 वर्षीय मां फकीजा बेगम, पत्नी बेबी, 15 साल की बेटी साहिबा, 12 साल का बेटा असद और छोटा भाई आयाज है।

परिवार की जिम्मेदारी सलमान के कंधों पर

सलमान अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए कई वर्षों से नेपाल में काम कर रहा है। परिवार के भरण-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है। इसलिए वह घर से दूर रहकर नेपाल में मेहनत करता है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: बहू ने बांधे हाथ.... कलियुगी बेटे ने आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, फिर बुजुर्ग पिता की जमकर.....

ग्लेशियर और झील को लेकर भी बताई चिंता

सलमान ने फोन पर बताया कि जिस झील में ग्लेशियर गिरने की बात सामने आई है, उसके आसपास दो और ग्लेशियरों को भी खतरे की जद में बताया जा रहा है। उसने बताया कि झील का पानी नेपाल, तिब्बत और चीन की तरफ बहता है। बेटे के सुरक्षित होने की खबर मिलने के बाद सलमान का परिवार अब राहत महसूस कर रहा है। कई घंटों की चिंता के बाद बेटे की आवाज सुनना उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं था।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख