#विविध

July 28, 2026

हिमाचल : तेज बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा में फंसे 5 श्रद्धालु, देर रात चला रेस्क्यू...

रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को सकुशल हड़सर पहुंचा दिया

शेयर करें:

Manimahesh Yatra Himachal Bharmaur Rescue Operation DDMA Chamba Weather Alert Pilgrims Hadsar

चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार बिगड़ रहे मौसम के बीच मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फंसे पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। हैदराबाद से आए ये श्रद्धालु अचानक मौसम खराब होने के कारण दुर्गम पहाड़ी रास्ते में फंस गए थे। सूचना मिलते ही भरमौर प्रशासन, पुलिस और पर्वतारोहण दल ने देर रात संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी को सुरक्षित हड़सर पहुंचाया।

रात 9 बजे शुरू हुआ बचाव अभियान

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अनुसार श्रद्धालु दुनाली और तोष के गोठ के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही भरमौर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस और पर्वतारोहण दल की आठ सदस्यीय संयुक्त टीम को सोमवार रात करीब नौ बजे मौके के लिए रवाना किया।

यह भी पढ़ें-हिमाचल : सेब सीजन में बढ़ी बागवानों की टेंशन- 900 रुपये दिहाड़ी ले रहे मजदूर, किराया भी बढ़ा

बारिश और अंधेरे के बीच बचाई जान

रेस्क्यू टीम को लगातार बारिश, घना अंधेरा, फिसलन भरे पहाड़ी रास्तों और खराब मौसम जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने सभी श्रद्धालुओं तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। करीब रात 11 बजे सभी यात्रियों को सकुशल हड़सर पहुंचा दिया गया। प्रशासन के अनुसार सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है।

 

manimahesh yatra

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

इस अभियान में पुलिस विभाग के अनिल वालिया और उनकी टीम के साथ पर्वतारोहण दल के अनुदेशक पंकज महंत व उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कठिन परिस्थितियों में टीम के समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून का कहर : 9 जगह फटे बादल, अब तक एक हजार करोड़ का नुकसान

प्रशासन ने जारी की अपील

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा मौसम सामान्य होने तक यात्रा शुरू करने से बचें।

सभी विभाग अलर्ट मोड पर

प्रशासन ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग लगातार सतर्क हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से किए गए हैं।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख