#विविध
December 26, 2025
हिमाचल की नेहा चलाती है ट्रक : विदेश से आ रहे नौकरी के ऑफर, सोशल मीडिया पर है बड़ी स्टार
ट्रक चलाने के साथ-साथ व्लॉगिंग भी करती हैं नेहा
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में होनहारों की कमी नहीं है। हिमाचल के युवा आज हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहरा रहे हैं। आज के डिजिटल दौर में हिमाचल के कई युवा सोशल मीडिया पर बड़े स्टार बन चुके हैं। कोई अपनी पहाड़ी संस्कृति, बोली-बानी और लोकगीतों से पहचान बना रहा है, तो कोई कॉमेडी, ट्रैवल व्लॉग, फोटोग्राफी और सामाजिक मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।
ये युवा न सिर्फ मनोरंजन कर रहे हैं, बल्कि हिमाचल की संस्कृति और पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। आज के अपने इस लेख में हम आपको हिमाचल की एक ऐसी बेटी के बारे में बताएंगे- जो ट्रक चलाती है।
आज इनके सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स पर 14 लाख से अधिक फोलोअर्स हैं। हम बात कर रहे हैं नेहा ठाकुर की- जिन्होंने ग्रेजुएशन के बाद एयरहोस्टेस बनाने का सपना देखा था। इसके लिए उन्होंने बाकायदा ट्रेनिंग भी ली थी, लेकिन फिर नेहा की जिंदगी में एक ऐसा फेज आया- जब उन्हें अपने इसे सपने से दूर होना पड़ा। मगर आज अपनी मेहनत के बल पर वो एक बेहतर मुकाम पर हैं।
मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली नेहा ने प्लस टू के बाद BA किया और फिर एयरहोस्टेस की ट्रेनिंग लेकर चंडीगढ़ में जॉब शुरू की। सब कुछ सही चल रहा था, लेकिन साल 2020 का लॉकडाउन उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ लेकर आया। नौकरी चली गई और नेहा को घर लौटना पड़ा।
घर लौटने के बाद नेहा ने खुद से एक सवाल किया- अब आगे क्या? और यहीं से उन्होंने वो फैसला लिया, जिसने उनकी पहचान बदल दी। बचपन से ही बड़ी गाड़ी चलाने का सपना देखने वाली नेहा ने ट्रक चलाना सीखने की ठानी। पिता के पास पहले से दो ट्रक थे और ट्रकों के बीच पली-बढ़ी नेहा के लिए ये दुनिया नई नहीं थी।
साल 2021 में उन्होंने ट्रक चलाना सीखना शुरू किया। कभी पिता के साथ, कभी चाचा के साथ- फ्री टाइम में नेहा स्टेयरिंग थामती रहीं। फिर साल 2022 से उन्होंने नियमित तौर पर ट्रक चलाना शुरू कर दिया और आज लोकल रूट पर सामान लाने-ले जाने की पूरी जिम्मेदारी वही संभालती हैं।
ट्रक चलाने के साथ-साथ नेहा ने व्लॉगिंग भी शुरू की। ड्राइविंग, ट्रैवल और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के छोटे-छोटे पल उन्होंने कैमरे में कैद करने शुरू किए। लोगों को ये सफर पसंद आया और देखते ही देखते नेहा हिमाचल की पहली फीमेल ट्रक व्लॉगर के रूप में पहचानी जाने लगीं। आज नेहा के यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाखों लोग जुड़े हैं।
नेहा ठाकुर का कहना है कि ट्रक का स्टेयरिंग जेंडर नहीं, हुनर देखता है। नेहा उन सभी लड़कियों के लिए एक संदेश हैं- जो सपने देखती हैं, लेकिन समाज के डर से उन्हें जी नहीं पातीं। आज नेहा अपने इलाके के साथ-साथ देश-विदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।